निधि ने 466वीं रैंक पाकर परिवार व क्षेत्र का नाम किया रोशन, कड़ी मेहनत से क्रैक की UPSC
पंचकूला से पूरी की स्कूली पढ़ाई
आपको बता दें कि निधि मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर, तहसील नाहन के गांव त्रिलोकपुर की रहने वाली हैं। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई मानव मंगल स्कूल, सेक्टर-11 पंचकूला से पूरी की। इसके बाद उन्होंने सरकारी मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-16 चंडीगढ़ से अपनी सीनियर सेकेंडरी शिक्षा प्राप्त की।
निधि ने चंडीगढ़ से BSC बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई की
उच्च शिक्षा के लिए निधि ने पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज (पीजीजीसी) सेक्टर-11, चंडीगढ़ (को-एड) से बीएससी बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई की। यूपीएससी की तैयारी के दौरान उन्होंने सेक्टर-9 पंचकूला स्थित हरे कृष्णा लाइब्रेरी में नियमित अध्ययन किया। निधि के पिता धनी राम वर्तमान में आईटीबीपी में असिस्टेंट कमांडेंट के पद पर कार्यरत हैं और इस समय उनकी पोस्टिंग एसएसबीएन सबोली में है। उनकी माता जसविंदर कौर गृहिणी हैं और उन्होंने हमेशा निधि को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
निधि ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और कठिन परिश्रम को दिया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा क्षेत्र गर्व महसूस कर रहा है।
लिखित परीक्षा अगस्त 2025 में आयोजित हुई थी, जबकि इंटरव्यू दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच लिए गए। चयनित उम्मीदवारों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय विदेश सेवा (IFS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और केंद्रीय सेवाओं (ग्रुप ‘A’ और ‘B’) में नियुक्ति के लिए सिफारिश की गई है।