{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 झज्जर में सभी परीक्षा केंद्रों पर नीट-यूजी परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न

 

झज्जर, 03 मई। जिला झज्जर में रविवार को आयोजित की गई नीट (यूजी) परीक्षा सभी आठ परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके और नकल रहित संपन्न हुई।


परीक्षा नकल रहित व शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हो, ज़िला प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया। इसके लिए स्वयं डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने कमान संभाली । उन्होंने जिला मुख्यालय पर केंद्रीय विद्यालय में बनाए गए केन्द्र पर परीक्षा शुरू होने से परीक्षा आयोजन की नियमानुसार व्यवस्थाए देखी, सीसीटीवी के अलावा अन्य जरूरी व्यवस्था देखी, साथ ही परीक्षा केंद्र अधीक्षक व स्टाफ से भी पूछताछ की।

जिला प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया कि प्रश्न पत्र सही तरीके से गोपनीयता के साथ परीक्षा केंद्रों तक पहुँचे। सुरक्षा की दृष्टि से जिन स्कूलों में केंद्र बनाए गए, उसके नजदीक फोटोस्टेट मशीन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण वाली दुकानों को बंद रखा गया। परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई थी। परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए समूची व्यवस्था पर नजर रखने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगाए गए थे। परीक्षा के चलते नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा जारी की गई सभी गाइडलाइन्स को फॉलो किया गया। पुलिस विभाग की ओर से सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे।


नीट -यूजी परीक्षा के लिए झज्जर जिला में कुल 8 केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर लगभग 2321 परीक्षार्थियों में से 2273 उम्मीदवारों ने परीक्षा दी,जिसमें 48 अनुपस्थित रहे। परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित की गई,जबकि डिसएबल्ड परीक्षार्थियों के लिए यह समय सीमा 2 से 6 बजे निर्धारित की गई थी।