MP News: 10 हजार की रिश्वत लेते लेडी सब इंजीनियर गिरफ्तार, 20 हजार की कर रही थी मांग
मध्य प्रदेश में रिश्वत के खिलाफ बड़ा एक्शन लेते हुए एक महिला अधिकारी को गिरफ्तार किया है। महिला सब इंजीनियर 20 हजार रुपये की रिश्वत मांग रही थी जिसके बाद 10 हजार में सौदा फिक्स हुआ। हालांकि महिला इंजीनियर रिश्वत लेते हुए धरी गई।
जानकारी के मुताबिक मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के रीवा इलाके की यह घटना है। यहां पर नगर परिषद कार्यालय खंड देवलौंद में तैनात महिला सब इंजीनियर सुधा वर्मा को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
इस मामले में जानकारी देते हुए बताया कि मेसर्स जेके अग्रवाल के संयोजक जेके अग्रवाल ने 7 अप्रैल 2026 को रीवा लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनसे सुधा वर्मा, उम्र 35 वर्ष, पद उपयंत्री (सब इंजीनियर), नगर परिषद खंड बाणसागर, जिला शहडोल ने 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की है।
अपनी शिकायत में फरियादी जेके अग्रवाल ने ये भी बताया कि उन्हें नगर परिषद खांड, शहडोल के खेल मैदान में स्टेयर निर्माण का कार्य न्यूनतम निविदा दर पर प्राप्त हुआ था। कार्य पूरा होने के बाद, अंतिम देयक तैयार किए जाने के लिए उपयंत्री सुधा वर्मा द्वारा मूल्यांकन नहीं किया जा रहा था और वह इसके लिए 20,000 रुपये रिश्वत की मांग कर रही हैं।
आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की विवेचना जारी है गौरतलब है कि इससे पहले 2 अप्रैल को भी लोकायुक्त रीवा ने जयसिंहनगर थाने में पदस्थ एक सहायक उप निरीक्षक को 2 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है।