बाढ़ आपदा प्रबंधन को लेकर 14 मई को पनिहारी और मीरपुर के पास होगी मॉक एक्सरसाइज
सिरसा, 12 मई। उपायुक्त शांतनु शर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को स्थानीय लघु सचिवालय के सभागार में बाढ़ आपदा प्रबंधन के दृष्टिगत 14 मई को आयोजित होने वाली मॉक एक्सरसाइज को लेकर बैठक आयोजित हुई। बैठक में मॉक एक्सरसाइज की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इससे पहले राजस्व वित्तीय आयुक्त एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव सुमिता मिश्रा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में मॉक एक्सरसाइज के ओवरऑल इंचार्ज एवं अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने बताया कि हरियाणा सरकार के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जिले में बाढ़ आपदा के दृष्टिगत 14 मई को सुबह 9 बजे मॉक एक्सरसाइज की जाएगी। मॉक एक्सरसाइज के तहत दो स्थानों को चिन्हित किया गया है। पहला स्थल गांव पनिहारी के निकट घग्गर के दाएं तटबंध के पास तथा दूसरा स्थल सिरसा-रानियां-डबवाली हाईवे पर मीरपुर के निकट रहेगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि 14 मई को आपातकालीन सेवा वाहनों की आवाजाही दिखे या सायरन की आवाज या कोई प्रशासनिक हलचल दिखे तो घबराए नहीं बल्कि यह मॉक एक्सरसाइज है और तैयारियों को जांचने का अभ्यास है।
उन्होंने बताया कि अभ्यास के दौरान भारी बारिश के बाद घग्गर नदी में जलस्तर बढऩे, तटबंध में कटाव आने तथा सडक़ क्षतिग्रस्त होने जैसी स्थिति मानकर राहत एवं बचाव कार्य किए जाएंगे। इसके तहत विभिन्न विभागों की ओर से राहत कार्य, यातायात नियंत्रण, बचाव दलों की आवाजाही, संचार व्यवस्था तथा राहत शिविरों की सुरक्षा आदि व्यवस्थाओं का परीक्षण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मॉक एक्सरसाइज के सफल संचालन के लिए पुलिस विभाग, प्रशासनिक अधिकारियों तथा अन्य संबंधित विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पुलिस अधीक्षक को कानून व्यवस्था बनाए रखने, घटना स्थलों की घेराबंदी, यातायात नियंत्रण तथा राहत शिविरों की सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है।
एडीसी ने बताया कि सभी संबंधित विभाग अभ्यास के लिए अपनी-अपनी टीमों का गठन सुनिश्चित करेंगे तथा निर्धारित स्टेजिंग एरिया में टीमों की तैनाती कर स्टेजिंग एरिया प्रबंधक को रिपोर्ट करेंगे। उन्होंने बताया कि इसके बाद टास्क फोर्स घटना स्थल के निकट स्थापित इंसिडेंट बेस पर पहुंचेगी और इंसिडेंट कमांड पोस्ट पर घटना कमांडर को रिपोर्ट करेगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को समय पर पहुंचकर सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी संभावित बाढ़ आपदा की स्थिति में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इस मौके पर एसडीएम राजेंद्र कुमार, डीएसपी राजेश कुमार, जिला राजस्व अधिकारी संजय बिश्नोई, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक हरवीर सिंह, नायब तहसीलदार अशोक कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।