{"vars":{"id": "128336:4984"}}

अधेड़ व्यक्ति को साले की पत्नी से हुआ प्यार...नाराज होने पर मनाने पहुंचा मायके, फिर खुद को मारी गोली 

 
उत्तर प्रदेश से प्रेम-प्रसंग के मामले आए दिन सामने आते रहते हैं। इस बीच एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सबको चौंका दिया है। आपको बता दें कि इटावा में एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति अनिल का उसके साले की पत्नी से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। बीते दस साल से दोनों साथ रह रहे थे। दो माह पहले किसी बात से नाराज होकर महिला अपनी ससुराल चली गई। अनिल उसे मनाने पहुंचा, लेकिन महिला नहीं मानी। 

इस पर अनिल ने तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में मृतक के परिजनों का कहना है कि ये आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या है।  फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। यह पूरा मामला थाना बकेवर के ग्राम हालुपुरा का है। 

यहां रहने वाले 50 वर्षीय अनिल नाम के व्यक्ति का उसके साले की पत्नी के साथ अफेयर चल रहा था। अनिल का साले की पत्नी से अफेयर शुरू हुआ तो साले ने पत्नी को घर से निकाल दिया था। इसके बाद से वह औरैया में मायके में रहने लगी थी। महिला के मायके में अनिल का आना-जाना शुरू हो गया था। वहीं अनिल भी साथ में रहने लगा था। साले की पत्नी के भी तीन बच्चे हैं, जिसमें दो बेटे और एक बेटी है, जिनकी शादियां हो चुकी हैं। 

अनिल के भी तीन बच्चे हैं, जिसमें बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। वहीं एक बेटे की मृत्यु हो चुकी है। छोटे बेटे की भी शादी हो चुकी है। दो साल पहले अनिल की पत्नी की जलकर मौत हो गई थी। अनिल करीब दस साल से महिला के साथ रह रहा था। दोनों के बीच किसी बात को लेकर दो महीने पहले झगड़ा हो गया था। इस झगड़े के बाद महिला फिर से अपनी ससुराल चली गई। 

इसके बाद अनिल उसे मनाने के लिए पहुंच गया तो महिला ने उसके साथ आने से मना कर दिया। आरोप है कि अनिल उसके साथ मारपीट करता था। जब महिला अनिल के साथ जाने को राजी नहीं हुई और विवाद नहीं सुलझा तो अनिल ने ससुराल में तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। 

पुलिस ने कहा- मामला सुसाइड का लग रहा

इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. परिवार के लोग जमा हो गए. आनन-फानन में सूचना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जायजा लिया. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्ट्या मामला आत्महत्या का लग रहा है। फिलहाल जांच की जा रही है। मृतक अनिल की बेटी सोनी ने पोस्टमार्टम हाउस में पहुंचकर अपनी मामी और मामा पर हत्या का आरोप लगाया है, उसने यह भी कहा कि सुनियोजित तरीके से मेरे पिता को बुलाया और गोली मारकर हत्या कर दी है। इस पूरे मामले की जांच होनी चाहिए.