नारी शक्ति वंदन अधिनियम बारे आमजन को किया जागरूक
सिरसा, 16 अप्रैल। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम के बारे में जन-जन को जागरूक करने के उद्देश्य से आगामी 28 अप्रैल 2026 तक विशेष प्रचार अभियान चलाया जा रहा है। इस प्रचार अभियान के दौरान विभागीय भजन पार्टी कलाकारों द्वारा लोक गीतों के माध्यम से नागरिकों को इस अधिनियम की जानकारी दी जा रही है।
वीरवार को लीडर भजन पार्टी के कलाकार लाला राम और जुगती राम ने जिला के गांव गोरीवाला व मटदादू में कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर उन्होंने महिला सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं को गीतों के माध्यम से सरल और रोचक ढंग से प्रस्तुत किया, जिससे ग्रामीणों ने जानकारी को आसानी से समझा।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा महिलाओं के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। इनमें लाडली योजना, आपकी बेटी हमारी बेटी योजना, दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, वन स्टॉप सेंटर योजना (सखी केंद्र), बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, पोषण अभियान तथा सुकन्या समृद्धि योजना शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक सम्मान को बढ़ावा देना है, ताकि महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर समाज में अपनी मजबूत भूमिका निभा सकें।