ढाई महीने भी नहीं चली लव मैरिज, नाराज नवविवाहिता ने की खुदकुशी
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां महज 18 साल की नवविवाहिता ने अपने ही घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और हैरानी का माहौल है।
पति को बुलाया, सामान्य व्यवहार के बाद खुद को किया बंद
जानकारी के अनुसार, युवती ने घटना से पहले अपने पति को फोन कर घर बुलाया और तबीयत खराब होने की बात कही। पति जब घर पहुंचा तो उसने सामान्य व्यवहार किया और उसे गले भी लगाया। इसके कुछ ही देर बाद वह कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने तोड़ा छप्पर
जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजन घबरा गए। उन्होंने आवाज लगाई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद परिजन छप्पर पर चढ़े और उसे तोड़कर अंदर पहुंचे, जहां युवती साड़ी के फंदे से लटकी हुई मिली।
ढाई महीने पहले हुई थी शादी
मृतका की पहचान पूजा गिरी (18) के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब ढाई महीने पहले मुकेश गिरी (19) से हुई थी। दोनों की शादी सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार हुई थी और परिवार में सब कुछ सामान्य बताया जा रहा था।
पति ने बताई छोटी-छोटी बातों पर नाराजगी
पुलिस पूछताछ में पति ने बताया कि उसकी पत्नी अक्सर छोटी-छोटी बातों पर नाराज हो जाती थी घटना वाले दिन वह डांस सीखने गया था, तभी पत्नी ने उसे फोन कर तबीयत खराब होने की जानकारी दी और दवा लाने के लिए कहा।
पुलिस जांच जारी, अभी तक शिकायत दर्ज नहीं
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। न्यायिक प्रक्रिया के तहत पंचनामा कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। फिलहाल, मृतका के मायके पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।