स्कूल में 'गुड टच बैड टच' सिखाने गई लेडी कांस्टेबल ने प्रिंसिपल को बनाया शिकार, 7 लाख की ठगी का आरोप, सब इंस्पेक्टर समेत 3 पर केस दर्ज
महाराष्ट्र के पुणे से एक बेहद ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पर एक महिला पुलिसकर्मी ने अपने दो अन्य पुलिसकर्मी साथियों के साथ मिलकर स्कूल प्रिंसिपल के साथ 7 लाख रुपये की ठगी की। इस मामले मेंं लेडी कांस्टेबल समेत तीन पुलिस कर्मियों पर केस दर्ज किया गया है। वहीं इस मामले में जांच उच्च अधिकारियों को दी गई है।
जानकारी के मुताबिक पुणे के एक स्कूल में 'गुड टच बैड टच' सिखाने गई, महिला पुलिसकर्मी ने वहां के प्रिंसिपल के खिलाफ ही साजिश रच दिया। मामला सामने के बाद पुलिस कमिश्नर अमितेश कुमार ने जांच के आदेश दिए है। इसके साथ ही दो और पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
तीन पुलिसकर्मियों पर साजिश रचने का आरोप
जानकारी के अनुसार महिला पुलिसकर्मी सोनाली हिंगे, जो कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भी है। उन पर दो अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर 55 साल के स्कूल प्रिंसिपल को कथित तौर पर धमकाने और उनसे पैसे ऐंठने का मामला दर्ज किया गया है। मीडिया रिपोर्ट की माने तो तीनों पुलिसकर्मियों ने प्रिंसिपल को झूठे POCSO एक्ट केस में फंसाने की धमकी दी थी।
प्रिंसिपल से 7 लाख रुपये ठगने का आरोप
हिंगे के अलावा, इस मामले में पुलिस सब-इंस्पेक्टर अजीत बाडे और कांस्टेबल सुदाम तायडे का नाम सामने आया है। सूत्रों के अनुसार इन तीनों ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए प्रिंसिपल को निशाना बनाया और POCSO एक्ट के तहत एक झूठा केस बनाकर उन्हें गिरफ्तार करने और बदनाम करने की धमकी दी। इसके अलावा, केस को 'रफा-दफा' करने के लिए उन्होंने पैसों की मांग की।
हालांकि, बाद में प्रिंसिपल को इस पूरे मामले पर शक हुआ. उन्हें लगा कि उनके साथ धोखा किया गया है. इसके बाद उन्होंने हिम्मत जुटाकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से बातचीत की, जिसके बाद पूरे मामले से खुलासा हुआ ।
आरोपी अजीत बडे वर्तमान में साइबर पुलिस स्टेशन में तैनात है, जबकि सोनाली हिंगे और सुदाम तायड़े शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन से जुड़े हुए हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुणे के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने जांच के आदेश दिए है।