Jammu and Kashmir : नायब तहसीलदार को 22 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों किया गिरफ्तार, एसीबी की टीम ने की कार्रवाई
Jammu and Kashmir : जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग ज़िले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक नायब तहसीलदार को 22 हज़ार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया. यह कार्रवाई बिजबेहड़ा के अरवानी तहसील कार्यालय में की गई, जहां आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया.
गिरफ्तार किए गए अधिकारी की पहचान मुस्ताक अहमद भट के रूप में हुई है, जो बडगाम जिले के नरबल इलाके के रहने वाले हैं और वर्तमान में तहसील कार्यालय अरवानी में तैनात थे.
यह पूरी कार्रवाई ACB की साउथ कश्मीर टीम ने की, जिसका नेतृत्व डीएसपी रऊफ अहमद कर रहे थे. अधिकारियों के मुताबिक, उन्हें इस संबंध में पहले से सूचना मिली थी कि संबंधित अधिकारी रिश्वत की मांग कर रहा है.
सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने जाल बिछाया और तय योजना के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया. जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, ACB टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया और पैसे भी बरामद कर लिए.
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अवंतिपोरा ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ और अन्य प्रक्रियाएं जारी हैं. अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि रिश्वत की मांग किन परिस्थितियों में की गई थी और इसमें और कौन-कौन शामिल हो सकता है.