कौशल विकास के जरिये विकसित भारत बनाने की दिशा में जुटें संस्थान : उपनिदेशक
झज्जर, 09 मई। हरियाणा कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग, के उपनिदेशक अनिल कुमार गोयल ने अपने तीन दिवसीय दौरे में विद्यार्थियों व स्टाफ सदस्यों को कौशल विकास की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।उन्होंने सभी संस्थानों में तीन दिवसीय दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा प्रशिक्षण गतिविधियों की समीक्षा की। शनिवार को दौरे के अंतिम दिन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, झज्जर एट गुढ़ा में जिला के सभी राजकीय आईटीआई संस्थानों के प्रधानाचार्यों, वर्ग अनुदेशक इंचार्जों तथा शिक्षुता एवं प्लेसमेंट अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
प्रधानाचार्य जीतपाल ने उपनिदेशक अनिल कुमार गोयल का स्वागत करते हुए संस्थान की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की
इस अवसर पर उपनिदेशक अनिल कुमार गोयल ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि देश को सशक्त बनाने के लिए युवाओं का कौशल विकास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि युवा तकनीकी रूप से दक्ष होंगे तो राष्ट्र भी विकसित और आत्मनिर्भर बनेगा। ऐसे में प्रशिक्षण संस्थानों का दायित्व है कि वे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध करवाएं।
उपनिदेशक ने कहा कि वर्तमान औद्योगिक तकनीकों के अनुरूप संस्थानों में आधुनिक संसाधनों और तकनीकी व्यवस्थाओं को विकसित करना समय की आवश्यकता है।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य जीतपाल ने कहा कि जिला की छह आईटीआई में सीएसआर के तहत विभिन्न कंपनियों द्वारा विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आगामी सत्र तक सभी प्रशिक्षण संस्थानों में सीएसआर के तहत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
आईटीआई झज्जर एट गुढ़ा में सीएसआर के तहत विभिन्न कार्यशालाओं का निर्माण कराया गया है तथा वर्तमान में असेंबली लाइन स्थापित की जा रही है, जिसका उपयोग आगामी सत्र से विद्यार्थियों के प्रशिक्षण में किया जाएगा।
इस अवसर पर आईटीआई मातनहेल के प्रधानाचार्य अनिल दलाल, आईटीआई भापड़ोदा के प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार, आईटीआई महिला झज्जर एट गुढ़ा की इंचार्ज सत्यवती सहित जिला के सभी संस्थानों के प्रधानाचार्य, वर्ग अनुदेशक इंचार्ज तथा शिक्षुता एवं प्लेसमेंट अधिकारी उपस्थित रहे।