{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 जिला में जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण कार्य जारी- उपायुक्त सचिन गुप्ता

 

रोहतक, 12 मई : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार जिला में डिजिटल जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण का कार्य जारी है। सभी प्रगणक मकान सूचीकरण के कार्य को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित अवधि में पूर्ण करें। जनगणना के कार्य के दौरान बच्चों की पढ़ाई भी बाधित नहीं होनी चाहिए। मकान सूचीकरण कार्य मकानों से संबंधित सामान्य सूचना डिजिटल रूप से एकत्रित की जा रही है।


सचिन गुप्ता स्थानीय जिला विकास भवन स्थित डीआरडीए सभागार में स्कूल संचालकों व प्राचार्यों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जनगणना का कार्य महत्वपूर्ण है। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर देश के विकास के कार्यक्रम तथा कल्याणकारी योजनाएं निर्धारित होंगी। उन्होंने कहा कि सभी स्कूल मुखिया जनगणना में तैनात प्रगणकों को आवश्यक हिदायतें दें कि वे स्कूल समय के उपरांत जनगणना के कार्य को करें।


उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा प्रगणकों की सुविधा को मद्देनजर रखते हुए एक प्रगणक को 150 से 200 घर ही गणना के लिए दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रगणकों को मकान सूचीकरण के दौरान कोई असुविधा होती है तो वे सुपरवाईजर अथवा चार्ज अधिकारी से सम्पर्क कर सकते हैं। जिला प्रशासन द्वारा सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रगणकों की समस्याओं का तुरंत समाधान करवाए। उन्होंने कहा कि जनगणना डयूटी पर तैनात सभी अधिकारी व कर्मचारी 15 मई तक 70 प्रतिशत तक मकान सूचीकरण कार्य को पूर्ण करें ताकि समयबद्ध इस कार्य को पूर्ण किया जा सके।


सचिन गुप्ता ने कहा कि जनगणना 2027 के कार्य को समय पर पूर्ण करने के लिए जिला में 1731 प्रगणक व 40 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हंै। उन्होंने कहा कि प्रगणक मकान सूचीकरण के दौरान सही व सटीक आंकड़े डिजिटली रूप से ऐप में दर्ज करें तथा गुणवत्ता का डेटा ही भरें। प्रदेश सरकार द्वारा टोल फ्री हेल्पलाइन 1855 संचालित की जा रही है, जिस पर जनगणना से संबंधित जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इस हेल्पलाइन की 4 लाइनें लगातार संचालित की जा रही है।


इस अवसर पर प्रशिक्षु आईएएस विशाल सिंह, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मंजीत कुमार, सिविल सर्जन डॉ. रमेश चन्द्र, मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी तनुमय दत्ता, जिला शिक्षा अधिकारी मंजित मलिक, जिला परियोजना समन्वयक सुमन हुड्डा, उप जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता चहल, जिला टीकाकरण नोडल अधिकारी डॉ. प्रतिभा सहित विभाग के अन्य अधिकारी व निजी स्कूल संचालक/प्राचार्य उपस्थित रहे।