{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Haryana : हरियाणा के इन 5 जिलों में बिगड़े हालात, घरों में घुसा पानी...फसलें खराब

 
Haryana : हरियाणा में लगातार हो रही बारिश के कारण नदियां उफान पर है। ऐसे में नदियों के आसपास के इलाकों में स्थिति गंभीर बनी हुई है। जिलों में नदियों के टूटते किनारे और नालों का उफान पर आना और टूटना भी लोगों की उम्मीदों को तोड़ रहा है। खेतों में पानी भरने से जहां किसानों की फसलें खराब हो रही हैं, वहीं रिहायशी क्षेत्र में भी जलभराव से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इन जिलों में हालात खराब 

अंबाला के साहा में हालात नहीं सुधर रहे हैं। कई गांवों का संपर्क कटा हुआ है। लोगों को पेयजल मिलने में भी दिक्कत आ रही है और लोग काम पर भी नहीं जा पा रहे हैं। अंबाला शहर के गांवों का भी यही हाल है। नेशनल हाईवे 44 पर अभी भी लंबा जाम लग रहा है। भूना में राज्यस्तरीय हॉकी प्रतियोगिता स्थगित की गई है।

रोहतक जिले में बरसाती पानी निकासी नहीं होने से बाढ़ के हालात बने हुए हैं। उपायुक्त शनिवार को सचिन गुप्ता ने शनिवार को महम क्षेत्र के जलभराव वाले क्षेत्र का दौरा कर व्यवस्था का जायजा लिया। भैणी मातो के किसानों ने ड्रेन खोदे जाने का विरोध किया है। किसानों का कहना है कि ड्रेन खोदे जाने से उनके खेतों के रास्ते बंद हो जाएंगे। पानी उतारने का सही रास्ता भैणी सुरजन व सैमाण के बीच से है।

वहीं, झज्जर की लाल सिंह कॉलोनी में तीन दिन से हो रहे जलभराव से परेशान महिलाओं का सब्र शनिवार को टूट गया। कॉलोनी की महिलाओं ने झज्जर-बादली रोड पर उतरकर प्रदर्शन किया और सड़क पर जाम लगा दिया। इसके बाद नगर परिषद की टीम ने जल निकासी के लिए पंपसेट लगाए और पानी निकालने का कार्य शुरू किया। इसके बाद पुलिस ने महिलाओं को समझाकर जाम खुलवाया गया।

कैथल के भागल गांव में मारकंडा के पानी खेतों में आ गया है। इस समस्या पर किसानों ने शनिवार सुबह के समय प्रदर्शन किया और प्रशासन पर उचित प्रबंध न करने के आरोप लगाए। अधिकारियों ने समस्या का समाधान करने का आश्वासन देकर शांत किया।

रोहतक के खेड़ी महम में बारिश के कारण मकान गिर गया। कलानौर के वार्ड नंबर एक में मनजीत का मकान गिर गया। पीड़ित का परिवार मजदूरी करता है। वार्ड नंबर 12 में भी सतीश का मकान गिर गया है। हादसे के समय परिवार घर पर मौजूद नहीं था।