{"vars":{"id": "128336:4984"}}

हरियाणा पावर स्पोर्ट्स ग्रुप की मेजबानी में तीन दिवसीय 13वीं इंटर पावर यूटीलिटी खेलकूद प्रतियोगिता 2026 शुरू

 
हिसार, 9 अप्रैल: दक्षिण व उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के प्रबंध निदेशक एवं हरियाणा पावर स्पोर्ट्स ग्रुप के अध्यक्ष श्री विक्रम सिंह के कुशल मार्गदर्शन में विद्युत नगर स्थित खेल प्रांगण में हरियाणा पावर स्पोर्ट्स ग्रुप की मेजबानी में तीन दिवसीय 13वीं इंटर पावर यूटीलिटी खेलकूद प्रतियोगिता 2026 शुरू हुई। इस प्रतियोगिता के शुभारंभ पर दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड के निदेशक श्री विपिन गुप्ता ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। समारोह के विशिष्ट अतिथि हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम के मुख्य अभियंता/टी. एस.  श्री बीरेश कुमार राघव रहे।

शुभारंभ अवसर पर अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि खेलों से हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है तथा खेलों से अनुशासन व नेतृत्व की भावना का विकास होता है। खेल में कभी हार नहीं होती, बल्कि हर हार अगली जीत के लिए मेहनत करने की प्रेरणा देती है। इसलिए खेल में जीतने से ज़्यादा प्रतिभागी बनकर खेलना महत्वपूर्ण है। देश के विभिन्न बिजली निगमों के कई अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों ने अपने बिजली निगम के साथ-साथ देश का नाम भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में आप सभी खेल के साथ अपने कार्यक्षेत्र के अनुभव सांझा करेंगे और उन्हें अपने कार्यक्षेत्र में अपनाएंगे। उन्होंने कहा कि बिजली एक जोखिम भरा विभाग है, जहां हमें सुरक्षित रहकर कार्य करना होता है। उसी सुरक्षा आप खेलों में भी ध्यान रखेंगे।

उन्होंने कहा कि खेल हमारी प्रगति को सुनिश्चित कर जीवन में सफलता प्रदान करते हैं। बेहतर जीवन जीने के लिए अच्छे स्वास्थ्य का होना बहुत जरूरी है। इसलिए स्वस्थ रहने के लिए खेलकूद का भी जीवन में एक महत्वपूर्ण स्थान है।

मुख्य अतिथि ने कहा कि खिलाड़ी जब खेल के मैदान में होता है, वो किसी भी उम्र का हो, उसमें दो तीन चीजें मुख्यतौर पर सीखता है। पहली धैर्य, अनुशासन और संघर्ष करके जीतने की भावना। यही चीजें उसके अपने कार्यस्थल पर काम आते हैं।

श्री गुप्ता ने कहा कि जिस धैर्य और उत्साह के साथ किसी खेल को खेला व जीता जाता है यदि वही धैर्य और उत्साह कार्य स्थल में भी रखा जाए, तो बिजली उत्पादन, ट्रांसमिशन और वितरण जैसे कठिन कार्य को हम सभी मिलकर ही बेहतर ढ़ग से कर सकते हैं। राष्ट्र के विकास में बिजली का अहम योगदान है।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ी खेल के मैदान में उतरते हैं, तो उनमें प्रतिस्पर्धा की भावना व जोश बढ़ जाता है। खेलों से न केवल स्वास्थ्य अच्छा रहता है बल्कि टीम भावना भी मजबूत होती है, जिससे कार्य में और निखार आता है। खेल एक विधा भी है, जिसमें खिलाड़ी जब खेल के मैदान में होता है, वो किसी भी उम्र का हो, उसमें वह मुख्यतौर पर धैर्य, अनुशासन और संघर्ष करके जीतने की भावना सीखता है। यही चीजें उसके अपने कार्यस्थल पर काम आते हैं।

इससे पहले इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्य व दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के मुख्य अभियंता/मानव संसाधन एवं प्रशासन श्री रजनीश गर्ग ने मुख्य अतिथि व खिलाड़ियों व अधिकारियों का स्वागत किया। उन्होंने इस तीन दिवसीय इंटर पावर यूटीलिटी खेलकूद प्रतियोगिता के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रतियोगिता में चारों यूटीलिटी हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड, हरियाणा विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड के लगभग 500 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

हरियाणा पावर स्पोर्ट्स ग्रुप के जनरल सेक्रेटरी श्री सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में बॉस्केटबॉल, बैडमिंटन, कुश्ती, हॉकी, कबड्डी (नेशनल स्टाइल), टेबल टेनिस, रस्साकशी, वॉलीबॉल (स्मैशिंग), वॉलीबॉल (शूटिंग), फुटबॉल, तथा एथलेटिक्स में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर और 1500 मीटर की रेस, लम्बी कूद, डिस्कस थ्रो शॉटपुट, कुश्ती में 57 किलोग्राम भार वर्ग, 61 किलोग्राम भार वर्ग, 65 किलोग्राम भार वर्ग, 70 किलोग्राम भार वर्ग, 74 किलोग्राम भार वर्ग, 79 किलोग्राम भार वर्ग, 86 किलोग्राम भार वर्ग, 92 किलोग्राम भार वर्ग, 97 किलोग्राम भार वर्ग और +97 किलोग्राम आदि स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है।

इस खेलकूद प्रतियोगिता में महिला व पैरा कर्मचारी खिलाड़ी भी अपनी खेल दिखा रहे हैं। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों के लिए बोर्डिंग सहित खान-पान की उचित व्यवस्था की गई है। खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी न आए, इसको ध्यान में रखते हुए आयोजन समिति द्वारा विभिन्न कमेटियों बनाई गई हैं।

रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच शुरू हुई इस खेलकूद प्रतियोगिता में विभिन्न यूटीलिटी से आए खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट किया तथा खेल को खेल की भावना से खेलने की शपथ ली। मुख्य अतिथि श्री विपिन गुप्ता ने प्रतियोगिता के आरम्भ की घोषणा करने के उपरांत खेल ध्वज फहराकर खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर बिजली निगमों के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और विद्युत नगर परिवार के सदस्य उपस्थित थे।