Haryana News: हरियाणा में पूर्व पार्षद ने की डॉक्टर की हत्या, शव को गंगा नदी में ले जाकर फेंका
Haryana News: हरियाणा के नूंह से संदिग्ध हालात में लापता हुए डॉक्टर विनोद गोयल (60) की हत्या की गई है। वहीं पुलिस ने इस मामले में पूर्व पार्षद समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने विनोद गोयल विनोद की हत्या कर उसके शव को हरिद्वार ले जाकर गंगा में फेंक दिया था।
गोयल नर्सिंग होम के नाम से चलाते थे क्लिनिक
जानकारी के मुताबिक, विनोद गोयल गांव लहरवाड़ी के सरपंच रहे लाला धर्मचंद के बेटे हैं। वे पुन्हाना के पहले MBBS हैं। गोयल अपने परिवार के साथ पुन्हाना के पंडित मोहल्ले में रहते थे और पंजाबी बारातघर के पास गोयल नर्सिंग होम के नाम से क्लीनिक चलाते थे। वह धार्मिक प्रवृति के थे।
गला दबाकर गंगा में फेंका
खबरों की मानें, तो विनोद गोयल 29 अगस्त को लापता हुए थे। उनके छोटे भाई देवेंद्र गोयल ने 3 सितंबर को थाने में शिकायत दी थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। शुक्रवार को पुलिस ने शक के आधार पर डॉक्टर के पड़ोसी पूर्व पार्षद दीपक राजधानिया (43) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने लखनऊ निवासी अशोक और बिछोर निवासी मुस्तकीम के साथ मिलकर 29 अगस्त को डॉक्टर विनोद गोयल की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद तीनों उसी दिन शव को गाड़ी में डालकर हरिद्वार ले गए और गंगा में फेंक दिया।
हत्या की वजह नहीं हो पाई साफ
खबरों की मानें, तो हत्यारोपी दीपक नगर पालिका का मनोनीत सदस्य रहा है। उसका एक और भाई भी है। दोनों अलग-अलग बर्तन की दुकान चलाते हैं। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया की हत्या क्यों की गई है। चर्चा है कि दोनों के बीच रुपयों का लेन- देन था। वहीं पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ जारी है। इसके बाद ही हत्या का खुलासा हो सकेगा।