{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Haryana News: हरियाणा में सीएम सैनी ने महिलाओं के लिए किया बड़ा ऐलान, जानें क्या बोले ?

 

Haryana News: हरियाणा के पंचकूला में सीएम सैनी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर 326.25 करोड़ रुपये की लागत की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें सबसे अधिक परियोजनाएं स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूती प्रदान करने वाली हैं। 

जानकारी के मुताबिक, सीएम सैनी ने स्वास्थ्य विभाग में 78.04 करोड़ की लागत के 31 उद्घाटन और 78.12 करोड़ की लागत की 97 परियोजनाओं के शिलान्यास किए। इसके अलावा 80 करोड़ 72 लाख की लागत से 10 स्वास्थ्य संस्थाओं का नवीनीकरण किया गया है।

वहीं पंचकूला में दीनदयाल लाडो लक्ष्मी ऐप की लांचिंग के लिए आयोजित समारोह में CM नायब सैनी ने स्पीकर हरविन्द्र कल्याण, स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव और समाज कल्याण मंत्री कृष्ण कुमार बेदी की मौजूदगी में इन परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

हरियाणा में पांच लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य


इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि हरियाणा में पांच लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक  दो लाख 13 हजार महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जा चुका है। तीन लाख महिलाएं लखपति दीदी जल्द बनेंगी। 

इसके साथ ही सीएम ने कहा कि ड्रोन दीदी योजना में 100 महिलाओं को मुफ्त ड्रोन व प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इस साल 100 और महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। गरीबी के कारण कोई बेटी उच्च शिक्षा प्राप्त करने से वंचित न रहे। इसके लिए सरकार ने एक लाख रुपये वार्षिक तक आय वाले परिवारों की बेटियों के लिए पोस्ट ग्रेजुएशन तक मुफ्त शिक्षा देने की व्यवस्था की है।

हरियाणा में शुरू की गई लाडो सखी योजना 

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढाओ अभियान को गति देने के लिए 'लाडो सखी' योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए 'लाडो सखी' को लगाया जाएगा। बेटी पैदा होने पर हर 'लावे सखी' को एक हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी।