{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Haryana: हरियाणा में भीषण सड़क हादसा, पांच की मौत, पांच घायल

 
Haryana: हरियाणा से एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। कुरुक्षेत्र- कैथल रोड पर दो कारों की आपस में टक्कर हो गई। इस हादसे में सोमवार सुबह पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार यह हादसा घरासी गांव के पास हुआ।

बता दें कि मृतकों की पहचान प्रवीण, पवन, राजिंदर, उर्मिला और सुमन के रूप में हुई है। सभी यमुनानगर निवासी थे और धार्मिक स्थल पर माथा टेकने जा रहे थे। दुर्घटना के बाद शवों को एलएनजेपी जिला नागरिक अस्पताल कुरुक्षेत्र भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।

घायल व्यक्तियों में वंशिका (यमुनानगर निवासी), संतोष, लीला देवी, रिशिपाल और प्रवीण (कैथल निवासी) शामिल हैं। सभी का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के मुताबिक कैथल निवासी घायल लोग अंबाला जा रहे थे।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल करवाया।