{"vars":{"id": "128336:4984"}}

  समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता से किया जाए निपटारा : एडीसी अर्पित संगल

 

सिरसा, 08 अप्रैल।
हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार आमजन की समस्याओं के मौके पर समाधान के उद्देश्य से जिला व उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार व वीरवार को समाधान शिविरों का आयोजन किया जाता है। इसी कड़ी में वीरवार को लघु सचिवालय के सभागार में अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने आमजन की समस्याएं सुनी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने भी आमजन की पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतें सुनी।

इस दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग प्रदेशभर के जिला अधिकारियों की बैठक ली और समाधान शिविरों में आने वाली शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की तथा दिशा निर्देश दिए। वीरवार को जिला व उपमंडल स्तर पर आयोजित समाधान शिविरों में कुल 30 शिकायतें आई।


अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए शिकायतों के समाधान के उपरांत एटीआर में संपूर्ण जानकारी दर्ज करें। अधिकारी नियमित रूप से समाधान शिविरों में उपस्थित रहें तथा आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। छोटी-छोटी समस्याओं के लिए लोगों को बार-बार चक्कर न काटने पड़ें।
उन्होंने बताया कि जिला व उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार व वीरवार को प्रात: 10 से 12 बजे तक समाधान शिविरों का आयोजन किया जाता है।

इन समाधान शिविरों में एक ही छत के नीचे विभिन्न विभागों के अधिकारी आमजन की समस्याएं सुनते हैं और समाधान किया जाता है। नागरिक इन शिविरों में पहुंच कर अपनी समस्याओं का निवारण करवा सकते हैं। इसके अलावा उपमंडल स्तर पर भी अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनी। इस अवसर पर एसडीएम राजेंद्र कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।