सरकारी खरीद एजेंसिया मंडियों व खरीद केंद्रों में गेहूं की खरीद एवं उठान की गति बढाएं :- उपायुक्त सचिन गुप्ता
रोहतक, 13 अप्रैल : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने सरकारी खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे जिला की मंडियों व खरीद केंद्रों में गेहूं की खरीद एवं उठान की गति को बढाएं। उन्होंने कहा कि मंडियों में फसल बिक्री के लिए आने वाले किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा सरकार की हिदायतों अनुसार फसल खरीद करवाई जाए।
सचिन गुप्ता स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में खरीद एजेंसियों व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, उपमंडलाधीश अंकिता पंवार, आशीष कुमार व विपिन कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। सचिन गुप्ता ने कहा कि खरीद एजेंसियों के अधिकारी मंडियों व खरीद केन्द्रों में बिक्री के लिए पहुंच रही गेहूं की फसल की खरीद की गति को बढ़ाएं। अधिकारी फसल की बिक्री के उपरांत फसल को बैग में भरवाए तथा मंडियों व खरीद केन्द्रों से फसल के उठान को भी सुनिश्चित करें ताकि मंडियों में फसल डालने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध रहे।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अधिकारियों के साथ गेट पास जारी करने, फसल की बिक्री इत्यादि की प्रक्रिया की समीक्षा की तथा उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने नोडल अधिकारियों से कहा कि वे मंडियों व खरीद केन्द्रों में फसल खरीद व उठान की निरंतर निगरानी करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी सभी मंडियों में पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध करवाएं। उन्होंने अधिकारियों के साथ सांपला मंडी में गेहूं की खरीद, बैग भरने तथा उठान की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने मार्किट कमेटी के सचिव को निर्देश दिए कि वे मंडी में खरीदी गई गेहूं की फसल को आढ़तियों के माध्यम से बैगों में भरवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने किलोई, लाखनमाजरा, रोहतक आदि मंडियों व खरीद केन्द्रों में गेहूं की खरीद व उठान के संदर्भ में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के कार्यकारी अभियंता रामेंद्र मलिक, जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता संदीप कुमार, उप सिविल सर्जन डॉ. डिम्पल, जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक मनीषा मेहरा, एफसीआई की प्रबंधक बबीता, हैफेड के जिला प्रबंधक किशन श्योराण, कृषि उपनिदेश्क डॉ. सुरेंद्र मलिक, रोहतक मार्केट कमेटी के सचिव दीपक, सांपला मार्केट कमेटी की सचिव सविता सैनी, एसडीओ दीक्षांत सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।