सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के जिला स्तरीय कार्यक्रम में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
गुरुग्राम, 11 मई। सोमनाथ मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं से जोड़ने के उद्देश्य से जिला स्तरीय सोमनाथ स्वाभिमान पर्व श्री शिव मंदिर इंछापुरी में श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस भव्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान शिव एवं भारतीय सांस्कृतिक विरासत के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
कार्यक्रम का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ, जिसमें महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में भाग लेकर धार्मिक आस्था का परिचय दिया। इसके पश्चात स्कूली विद्यार्थियों द्वारा धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने उपस्थित लोगों को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं से जोड़ने का संदेश दिया।
इस अवसर पर गुजरात के सोमनाथ मंदिर में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी तथा कुरुक्षेत्र से राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का लाइव संबोधन भी श्रद्धालुओं को प्रसारित किया गया, जिसे लोगों ने उत्साहपूर्वक सुना। कार्यक्रम में पटौदी की विधायक श्रीमती बिमला चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं गुरुग्राम के विधायक श्री मुकेश शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में भाजपा गुरुग्राम महानगर के जिला अध्यक्ष अजीत यादव ने भी विशेष रूप से शिरकत की।
मुख्यातिथि श्रीमती बिमला चौधरी ने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि सोमनाथ केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि भारत की अमर सांस्कृतिक चेतना, आस्था और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इतिहास में अनेक आक्रमणों और चुनौतियों के बावजूद सोमनाथ मंदिर का बार-बार पुनर्निर्माण यह दर्शाता है कि सनातन संस्कृति अजर-अमर है। उन्होंने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि सोमनाथ का पुनर्निर्माण भारत के आत्मसम्मान और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक बना।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की पावन भूमि भी भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और वीरता की पहचान रही है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक स्थलों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि सृजन की शक्ति हमेशा विनाश से बड़ी होती है और यही संदेश सोमनाथ की गौरवगाथा हमें देती है। विधायक ने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं तथा समाज में एकता, भाईचारा और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत बनाते हैं।
विधायक मुकेश शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि सोमनाथ की गौरवगाथा भारतीय समाज को सदियों से एकता, आस्था और आत्मविश्वास का संदेश देती रही है। उन्होंने कहा कि जब भी देश की सांस्कृतिक पहचान पर संकट आया, तब सनातन परंपराओं ने समाज को नई शक्ति प्रदान की। सोमनाथ मंदिर का इतिहास इसी अडिग विश्वास और सांस्कृतिक चेतना का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं से जोड़ने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं। उन्होंने भगवान शिव की महिमा का उल्लेख करते हुए कहा कि श्रद्धा, भक्ति और सकारात्मक भावना ही जीवन को सही दिशा देती है तथा समाज को एकजुट रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
भाजपा जिला अध्यक्ष अजीत यादव ने कहा सोमनाथ स्वाभिमान पर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक विरासत, आस्था और राष्ट्रीय स्वाभिमान के पुनर्जागरण का प्रतीक है। आयोजन का उद्देश्य समाज विशेषकर युवाओं को भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और सनातन मूल्यों से जोड़ना है।
*भव्य कलश यात्रा व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से शिवमय हुआ मंदिर प्रांगण*
कार्यक्रम के दौरान निकाली गई भव्य कलश यात्रा एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे मंदिर प्रांगण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर भगवान शिव के जयकारों के साथ वातावरण को शिवमय कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मदर्स प्राइड स्कूल, जाटोली मंडी की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना, गुडलक पब्लिक स्कूल, जाटोली मंडी के विद्यार्थियों द्वारा शिव तांडव, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पटौदी की छात्राओं द्वारा लोक नृत्य तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, अर्जुन नगर गुरुग्राम की छात्राओं द्वारा शिव लीला की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित श्रद्धालुओं ने खूब सराहा।
*सोमनाथ मंदिर की 1000 वर्ष की गौरवगाथा को प्रदर्शनी के माध्यम से किया प्रदर्शित*
कार्यक्रम स्थल पर सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग हरियाणा तथा संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा सोमनाथ मंदिर की 1000 वर्ष की गौरवशाली यात्रा पर आधारित विशेष प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी के माध्यम से श्रद्धालुओं को सोमनाथ मंदिर के इतिहास, उसके पुनर्निर्माण, सांस्कृतिक महत्व तथा भारत की सनातन परंपरा और राष्ट्रीय स्वाभिमान से जुड़े प्रेरणादायक प्रसंगों की जानकारी दी गई। श्रद्धालुओं ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर सोमनाथ की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत को करीब से जाना।
इस अवसर पर आयोजन के नोडल अधिकारी एवं एडीसी सोनू भट्ट, एसडीएम दिनेश लुहाच, एसीपी मनोज कुमार,
डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार, तहसीलदार रोहतास, नायब तहसीलदार मोहम्मद खान, एडीआईओ नवीन, एसएमओ प्रदीप, सरपंच एकता मंच के अध्यक्ष एवं दौलताबाद के सरपंच अजीत यादव, इंछापुरी के सरपंच राकेश कुमार, सुशीला पुनिया, श्रीपाल चौहान, मनबीर शेरपुर सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।