PhonePE पर रिश्वत लेने वाली महिला दरोगा और चौकीदार सस्पेंड, एसपी ने जारी किये आदेश
बिहार के जमुई जिले के खैरा थाना में तैनात महिला दरोगा और चौकीदार को जिला पुलिस अधीक्षक ने सस्पेंड कर दिया है। महिला दरोगा पर भ्रष्टाचार के आरोप सही पाए गए है। महिला दरोगा ने पीड़ित पक्ष के लोगों से फोन पे पर रिश्वत की राशि ली थी जिसके बाद एसपी ने विभागीय कार्रवाई के भी आदेश दिये हैं।
जमुई एसपी विश्वजीत दयाल ने सोमवार (13 अप्रैल) को महिला दरोगा जयश्री और चौकीदार आशीष तांती को निलंबित कर दिया है. साथ ही दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है. यह मामला खैरा थाना कांड संख्या 85/26 से जुड़ा है.
PhonePe पर ली थी रिश्वत राशि
मामले के मुताबिक, हरियाडीह निवासी पीड़ित श्यामदेव गोस्वामी ने आरोप लगाया था कि मुकदमे में नाम नहीं जोड़ने के एवज में उनसे चौकीदार के जरिए महिला दरोगा ने 8 हजार रुपये की मांग की गई थी. पैसे नहीं देने पर उन्हें केस में फंसाने की धमकी भी दी गई. पीड़ित के अनुसार, बिचौलिया अमित कुमार के जरिए 7500 रुपये सिक्कू कुमार के PhonePe खाते में ट्रांसफर किए गए थे. इसके बाद महिला दरोगा जयश्री ने फोन कर राशि मिलने की पुष्टि भी की थी.
ओडियो वायरल होने के बाद हुई कार्रवाई
इस पूरे मामले का एक ऑडियो क्लिप 4 अप्रैल को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें कथित रूप से धमकी भरी बातचीत रिकॉर्ड थी. मामला सामने आने के बाद एसपी ने एसडीपीओ सतीश सुमन के नेतृत्व में जांच के आदेश दिए. जांच रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए, जिसके आधार पर सात दिन के भीतर यह कार्रवाई की गई.