{"vars":{"id": "128336:4984"}}

मंडी में फसल लाने से पहले नमी की मात्रा जरूर जांचे किसान, ताकि फसल बेचने में न हो परेशानी: डीएफएससी

जिला की मंडियों में फसल खरीद प्रक्रिया जारी, अब तक 968 मीट्रिक टन गेहूं की हुई खरीद
 
सिरसा, 09 अप्रैल: जिला की विभिन्न मंडियों में खरीद एजेंसियों द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद प्रक्रिया जारी है। हैफेड द्वारा जिला के 129 किसानों की 968 मीट्रिक टन (एमटी) गेहूं की खरीद की जा चुकी है।

जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक हरवीर सिंह ने बताया कि डबवाली मंडी में 30 मीट्रिक टन, ऐलनाबाद मंडी में 204 मीट्रिक टन, कुताना में 93 मीट्रिक टन, नाथूसरी चौपटा में 275 मीट्रिक टन, रानियां में 48 मीट्रिक टन, सिरसा में 111 मीट्रिक टन तथा तलवाड़ा खुर्द मंडी में 207 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद दर्ज की गई, साथ ही जिला की अन्य मंडियों में भी गेहूं की आवक जारी है।

फसल खरीद प्रक्रिया के तहत मंडियों में किसानों के लिए प्रशासन की ओर से पुख्ता व्यवस्था की हुई, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। किसानों से भी अपील है कि वे अपने गेहूं को मंडी में लाने से पहले अच्छी तरह से सुखा लें ताकि संबंधित एजेंसी को समर्थन मूल्य पर फसल खरीद में कोई दिक्कत न आए। उन्होंने कहा कि फसल में अधिक नमी होने से खरीद में देरी होने की संभावना होती है। किसान द्वारा सूखी फसल लाने से मंडी में उसकी फसल जल्द व निर्धारित समर्थन मूल्य पर बिकती है, इससे उसका समय भी बचता है।