{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 जन समस्याओं का त्वरित निपटान सुनिश्चित करें विभागाध्यक्ष : डीसी

जिला में आयोजित समाधान शिविरों में दर्ज 5833 शिकायतों में से 172 शिकायतें ही पेंडिंग

 डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल की अध्यक्षता में समाधान शिविर की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित

 

झज्जर, 10 अप्रैल। डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने कहा कि समाधान शिविर जनता की समस्याओं के त्वरित एवं संतोषजनक निवारण के लिए सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ता की संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने बताया कि अब तक जिला व उपमंडल स्तर पर आयोजित समाधान शिविर में कुल 5833 शिकायतें दर्ज हुई हैं, जिनमें से 172 शिकायते ही पेंडिंग हैं।

डीसी शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित वीसी उपरांत साप्ताहिक समाधान शिविर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

डीसी ने विभागवार प्राप्त शिकायतों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायत के समाधान के उपरांत एटीआर (एक्शन टेकन रिपोर्ट) बिना विलंब संबंधित पोर्टल/कार्यालय को भेजी जाए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर का मूल उद्देश्य जनता की समस्याओं का शीघ्र, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान है, जिसे प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी समझ कर पूरा करे। उन्होंने कहा कि सभी विभागाध्यक्ष एटीआर हर सप्ताह के बुधवार तक भेजना सुनिश्चित करें।

यह अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर एडीसी जगनिवास, डीएफसी साहिती रेड्डी, सीटीएम रीतू बंसीवाल, डीडीपीओ निशा तंवर, एसीपी अनिरुद्ध चौहान, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी सुमित कुमार, एक्सईएन जनस्वास्थ्य विभाग अश्विनी सांगवान सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।