{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 डॉ. मोहित दुआ ओटीए की अंतरराष्ट्रीय संबंध समिति में नियुक्त

 
रोहतक । पीजीआईएमएस रोहतक के आर्थोपेडिक विभाग के वरिष्ठ सर्जन डॉ. मोहित दुआ को ऑर्थोपेडिक ट्रॉमा एसोसिएशन (OTA), अमेरिका की प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय संबंध समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। ओटीए नेतृत्व द्वारा भेजे गए नियुक्ति पत्र में उन्हें बधाई देते हुए बताया गया कि ओटीए निदेशक मंडल ने सर्वसम्मति से उनके तीन-वर्षीय कार्यकाल को मंजूरी दी है। इस कार्यकाल में एक अतिरिक्त 3-वर्षीय पुनर्नियुक्ति का विकल्प भी शामिल है।

डॉ. दुआ का यह कार्यकाल आधिकारिक रूप से सितंबर 2026 में आयोजित होने वाली ओटीए वार्षिक बैठक से प्रारंभ होगा। इस गर्मी में उन्हें समिति की बैठकों से संबंधित विस्तृत कार्यक्रम प्राप्त होगा। यह समिति सामान्यतः प्रत्येक अक्टूबर में तथा AAOS वार्षिक बैठक के दौरान बैठक करती है। इसके साथ ही वर्ष भर में 2 से 4 कॉन्फ्रेंस कॉल भी आयोजित किए जाते हैं, जिनमें दुनिया भर के विशेषज्ञ आर्थोपेडिक ट्रॉमा के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग, प्रशिक्षण और अनुसंधान की रणनीति तय करते हैं।

डॉ. मोहित दुआ हड्डी रोग एवं ट्रॉमा सर्जरी के क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। जटिल फ्रैक्चर, पेल्विक ट्रॉमा और जॉइंट रिकंस्ट्रक्शन में उनकी विशेषज्ञता है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय जर्नल्स में उनके दर्जनों शोध पत्र प्रकाशित हो चुके हैं। पीजीआईएमएस में उन्होंने ट्रॉमा केयर को नई ऊंचाई देने में अहम भूमिका निभाई है।

कुलपति प्रो. डॉ. एच.के. अग्रवाल ने डॉ. दुआ को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि डॉ. मोहित दुआ की यह नियुक्ति उनकी कड़ी मेहनत, समर्पण और अंतरराष्ट्रीय स्तर की विशेषज्ञता का प्रमाण है। ओटीए की अंतरराष्ट्रीय संबंध समिति में उनका चयन पीजीआईएमएस के लिए गौरव का विषय है। मुझे विश्वास है कि डॉ. दुआ इस मंच से वैश्विक ट्रॉमा केयर में भारत का प्रतिनिधित्व मजबूती से करेंगे और हमारे संस्थान के युवा चिकित्सकों को भी अंतरराष्ट्रीय अनुभव का लाभ मिलेगा।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि डॉ. दुआ जैसे फैकल्टी सदस्य संस्थान की अकादमिक और अनुसंधान साख को विश्व पटल पर स्थापित कर रहे हैं।

पीजीआईएमएस के चिकित्सकों, रेजिडेंट्स और छात्रों ने डॉ. मोहित दुआ को इस अंतरराष्ट्रीय सम्मान के लिए शुभकामनाएं दी हैं।