सामाजिक न्याय व समानता के प्रतीक थे डॉ. अंबेडकर :- उपायुक्त सचिन गुप्ता
रोहतक, 14 अप्रैल। भारतीय संविधान के शिल्पकार, महान समाज सुधारक, प्रख्यात अर्थशास्त्री एवं दलितों के मसीहा भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर उपायुक्त सचिन गुप्ता ने उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए नमन किया। उपायुक्त ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर भारतीय लोकतंत्र की मजबूत नींव रखने वाले महान व्यक्तित्व थे। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे डॉ. अंबेडकर के विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करें और उनके बताए मार्ग पर चलें।
सचिन गुप्ता ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने अपना संपूर्ण जीवन सामाजिक न्याय, समानता, शिक्षा और अधिकारों की स्थापना के लिए समर्पित किया। उन्होंने समाज में व्याप्त छुआछूत, भेदभाव और अन्याय के खिलाफ संघर्ष करते हुए शोषित एवं वंचित वर्गों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान के निर्माण में डॉ. अंबेडकर का योगदान अतुलनीय है। उनके द्वारा निर्मित संविधान ने देश को लोकतंत्र, समान अधिकार, स्वतंत्रता और न्याय की सुदृढ़ आधारशिला प्रदान की।
उनका जीवन संघर्ष और विचार आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि हमें डॉ. अंबेडकर के संदेश शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। समाज में समानता, भाईचारा और मानवता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास करना आवश्यक है। उपायुक्त ने कहा कि डॉ. अंबेडकर के आदर्शों पर चलकर ही हम संविधान की गरिमा को बनाए रखते हुए एक न्यायपूर्ण, समरस और सशक्त समाज का निर्माण कर सकते हैं।