विश्व रेडक्रॉस दिवस पर जिला रेड क्रॉस सोसाइटी गुरुग्राम ने आयोजित किए सेवा और जागरूकता कार्यक्रम
गुरुग्राम, 08 मई। विश्व रेडक्रॉस दिवस के उपलक्ष्य में जिला रेड क्रॉस सोसाइटी गुरुग्राम द्वारा मानवता सेवा, जनकल्याण और सामाजिक जागरूकता को समर्पित कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की गई। ये कार्यक्रम डीसी एवं जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष उत्तम सिंह के मार्गदर्शन में, भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी हरियाणा राज्य शाखा के उपाध्यक्ष अंकुश मिगलानी एवं महासचिव सुनील कुमार के दिशा-निर्देशों के तहत संपन्न हुए। कार्यक्रमों का संचालन जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव विकास कुमार के नेतृत्व में किया गया।
*आश्रम में केक काटकर की शुरुआत, फलों का किया वितरण*
विश्व रेडक्रॉस दिवस कार्यक्रमों की शुरुआत एक आश्रम में केक काटकर तथा फल वितरण के साथ की गई। इस दौरान जरूरतमंद लोगों के बीच सेवा और सहयोग का संदेश दिया गया।
*एप्पल कंपनी में रक्तदान शिविर, 50 यूनिट रक्त एकत्रित*
कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत बिलासपुर स्थित एप्पल कंपनी में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 50 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इसके अलावा जिला रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा 50 टीबी रोगियों को प्रोटीन डाइट किट भी वितरित की गई।
*रेलवे स्टेशन पर स्वास्थ्य जांच शिविर में 180 लोगों ने कराई जांच*
सोसाइटी की ओर से रेलवे स्टेशन पर स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जहां लगभग 180 लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई। शिविर में लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया गया।
विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में समिति की गतिविधियों में सहयोग देने वाली सामाजिक संस्थाओं, समाजसेवियों तथा विभिन्न महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों के यूथ रेड क्रॉस काउंसलर्स को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न संस्थाओं, कंपनियों और स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
जिला रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा विभिन्न विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। इनमें राजकीय कन्या महाविद्यालय वजीरपुर, राजकीय विद्यालय सेक्टर-4/7, एमिटी विश्वविद्यालय तथा आर मंगलम विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर जिला रेड क्रॉस सोसाइटी की पैटर्न कल्याणी सचान, विवेक बुमराह, अधिवक्ता ए.के. शर्मा, अनिल मल्होत्रा, आर.के. शर्मा, कर्नल भल्ला, मारुति सुजुकी से अजय, होंडा से डी.आर. पाल, डबल ट्री से अभिमन्यु अवस्थी, एयर इंडिया की टीम सहित जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के लेखाकार कुणाल मंगल, लिपिक आकांक्षा., प्रोजेक्ट मैनेजर नीलम, संगीता, सुषमा, विनीता, मंजू, रोहतास, अतुल कुमार और जोगिंदर राठी विशेष रूप से उपस्थित रहे।