एनडीआरएफ द्वारा आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण शिविर आयोजित, सीटीएम सुभाष चंद्र सहित उपायुक्त कार्यालय के कर्मचारियों ने लिया भाग
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला प्रशासन एवं एनडीआरएफ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन, बचाव कार्यों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया देने के लिए प्रशिक्षित करना है। एनडीआरएफ की विशेषज्ञ टीम ने प्रतिभागियों को प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं, प्राथमिक उपचार, राहत एवं बचाव तकनीकों तथा समन्वय स्थापित करने के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान एनडीआरएफ अधिकारियों ने आपदा के समय उपयोग में आने वाले आधुनिक उपकरणों का प्रदर्शन भी किया तथा कर्मचारियों को उनके संचालन की व्यवहारिक जानकारी प्रदान की। प्रतिभागियों को बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में शांत रहते हुए किस प्रकार त्वरित निर्णय लेकर जनहानि और नुकसान को कम किया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि जिला हिसार में 4 मई से 16 मई 2026 तक एनडीआरएफ द्वारा फेमैक्स कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक इकाइयों एवं सरकारी विभागों में चरणबद्ध प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी श्रृंखला में आज ब्लू बर्ड परिसर में यह प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया।
सीटीएम सुभाष चंद्र ने कहा कि आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है, ताकि किसी भी संकट की स्थिति में प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी प्रभावी ढंग से अपनी जिम्मेदारी निभा सकें। उन्होंने एनडीआरएफ टीम द्वारा दिए जा रहे प्रशिक्षण की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम आपदा से निपटने की क्षमता को मजबूत करने में सहायक सिद्ध होंगे।