{"vars":{"id": "128336:4984"}}

उपायुक्त महेंद्र पाल ने समाधान शिविर में सुनी जनसमस्याएं, लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के दिए निर्देश

 

हिसार, 09 अप्रैल।
  लघु सचिवालय स्थित जिला सभागार में वीरवार को उपायुक्त महेंद्र पाल की अध्यक्षता में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में आमजन की समस्याएं सुनी गईं और उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


शिविर के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी प्रदेशभर में आयोजित समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों की जिलेवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शिकायतों के निवारण में पारदर्शिता और तत्परता बनाए रखें तथा लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर हल करें। वीसी उपरांत उपायुक्त महेंद्र पाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लें और निर्धारित समयसीमा के भीतर उनका निपटान सुनिश्चित करें।


समाधान शिविर में गांव ढाणी सीसवाल निवासी रामस्वरूप सैनी द्वारा खेत व ढाणी का रास्ता दिलवाने की मांग पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने संबंधित तहसीलदार को निर्देश दिए कि प्रार्थी के समक्ष आ रही इस समस्या को दुरुस्त किया जाए। गांव किनाला निवासी रमेश कुमार द्वारा राशन कार्ड कटने संबंधी शिकायत तथा प्रार्थी रेखा द्वारा परिवार पहचान पत्र में आय सत्यापन के साथ-साथ  विधवा सत्यापित करने की मांग पर उपायुक्त ने क्रीड विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में आगामी कार्रवाई करने को कहा।

गांव रावत खेड़ा निवासी बलजीत द्वारा वाटर टैंक की सब्सिडी जल्द जारी करवाने की मांग पर उपायुक्त ने सिंचाई विभाग के एसई को समस्या का हल करने के निर्देश दिए। नवदीप कॉलोनी निवासी दीपक राज द्वारा कॉलोनी के प्रवेश द्वार पर जानलेवा गड्ढों को भरवाने की मांग पर उपायुक्त ने नगर निगम अधिकारियों को समस्या पर आगामी आवश्यक कार्रवाई करने की हिदायत दी।

प्रार्थी निर्मल कुमार द्वारा इंतकाल दर्ज करने में देरी करने की शिकायत पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने तहसीलदार को प्रार्थी की समस्या का निदान करने को कहा। एवरग्रीन सीनियर एसोसिएशन सिटीजन क्लब द्वारा पुराना बिजली बिल भरने संबंधी मांग पर उपायुक्त ने दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के एसई को मामले की जांच कर आगामी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।


इसी प्रकार एक अन्य प्रार्थी द्वारा प्लॉट का रास्ता खुलवाने की मांग पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने नगर निगम विभाग के अधिकारियों को मामले की जांच कर समस्या का स्थाई समाधान करने की हिदायत दी। गांव संदलाना निवासी प्रताप सिंह द्वारा बनभौरी माइनर पर लगे मोगा नंबर 9040 आरडी को सही जगह पर लगवाने की मांग पर उपायुक्त ने सिंचाई विभाग के एसई को मौका मुआयना कर आगामी कार्यवाही करने की हिदायत दी। दयानंद कॉलोनी गली नंबर 4 के नागरिकों द्वारा गली में पीने के पानी की सप्लाई न आने संबंधी शिकायत पर उपायुक्त ने पब्लिक हेल्थ विभाग के एसई को मामले की जांच कर नागरिकों की समस्या का स्थाई समाधान सुनिश्चित करने की हिदायत दी।


इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, नगर निगम आयुक्त नीरज, एसडीएम ज्योति मित्तल, नगराधीश हरिराम, डीएसपी श्रद्धा, जिला राजस्व अधिकारी श्याम लाल, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सिंह सहित सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।