समाधान शिविर में उपायुक्त महेंद्र पाल ने की जनसुनवाई
हिसार, 13 अप्रैल। जिला प्रशासन द्वारा सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में उपायुक्त महेंद्र पाल ने नागरिकों की समस्याओं को सुना।
समाधान शिविर में डोगरान मोहल्ला निवासी श्याम लाल द्वारा नगर निगम की भूमि पर अवैध अतिक्रमण हटाने की शिकायत पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने नगर निगम के अधिकारियों को मामले के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। बड़वाली ढाणी निवासी सरोज बाला की इंतकाल संबंधी शिकायत पर उपायुक्त ने जिला राजस्व अधिकारी को प्रार्थी की समस्या का निवारण करने को कहा।
बोगा मंडी निवासी सज्जन कुमार द्वारा मूक बधिर बच्चों के शिक्षण संस्थान के पास बसों के न रूकने संबंधी मामले को लेकर उन्होंने उपायुक्त ने समक्ष बस सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग की, जिस पर उपायुक्त ने हिसार एसडीएम को मामले की जांच कर समस्या का उचित समाधान करने के निर्देश दिए। न्यू नवदीप कॉलोनी निवासी जगदीश द्वारा अपने निजी प्लॉट पर किए गए अवैध कब्जा को हटवाने की मांग पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने नगर निगम विभाग के अधिकारियों को प्रार्थी के समक्ष आ रही समस्या का समाधान करने की हिदायत दी।
इसी प्रकार दयानंद कॉलोनी के गली नंबर 4 व 6 के निवासियों ने पानी की सप्लाई न आने संबंधी शिकायत पर उपायुक्त ने पब्लिक हेल्थ विभाग के अधिकारियों को मामले की जांच कर आगामी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। गांव बहबलपुर निवासी एक प्रार्थी द्वारा उनका इलाज एक निजी अस्पताल द्वारा आयुष्मान कार्ड पर न करने संबंधी शिकायत पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने एसडीएम की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित कर प्रार्थी की समस्या का जल्द निवारण करने की हिदायत दी।
इस अवसर पर महापौर प्रवीण पोपली, अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, नगराधीश हरिराम, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।