Delhi News: दिल्ली में BMW कार ने बाइक में मारी टक्कर, वित्त मंत्रालय के Deputy Secretary की मौत, पत्नी घायल
Delhi News: दिल्ली के धौला कुआं में एक BMW कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इसमें वित्त मंत्रालय में एक उप सचिव की मौत हो गई और उनकी पत्नी घायल हो गईं। पुलिस ने कार चला रही महिला को जांच के लिए हिरासत में ले लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना रविवार दोपहर को हुई जब दंपति मध्य दिल्ली स्थित बंगला साहिब गुरुद्वारे से लौट रहे थे। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो उन्होंने मेट्रो पिलर संख्या 67 के पास डिवाइडर के पास एक BMW कार और एक बाइक को पलटा हुआ पाया।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार एक महिला चला रही थी। उसने और उसके पति ने एक टैक्सी किराए पर ली और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमें अस्पताल से एक मरीज़ की मौत और एक अन्य के सड़क दुर्घटना में घायल होने की सूचना मिली थी। मृतक हरि नगर का निवासी है। उसकी घायल पत्नी का इलाज चल रहा है।
हरियाणा के गुरुग्राम के रहने वाले हैं BMW कार चालक
अधिकारी ने बताया कि वे मोटरसाइकिल पर सवार थे और कार ने उन्हें टक्कर मार दी। कार की टक्कर के बाद घायलों ने बाईं ओर बस को भी टक्कर मार दी। वहीं कार चला रही महिला और उसके पति को भी चोटें आईं और बाद में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। वे हरियाणा के गुरुग्राम के रहने वाले हैं। फिलहाल, उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए हिरासत में ले लिया गया है। दोनों वाहनों की जांच की गई है। इस मामले में बीएनएस की धारा 281, 125बी, 105 और 238 के तहत मामला दर्ज किया गया है।