{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 डीसी ने जनगणना-2027 मकानों के सूचीकरण कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश

 

भिवानी, 12 मई। जनगणना-2027 के तहत मकानों की गणना का कार्य सबसे तेजी से सम्पन्न करने वाले आठ प्रगणकों को नगराधीश अनिल कुमार ने अपने कार्यालय में डीसी साहिल गुप्ता की तरफ से प्रशंसा पत्र भेंटकर सम्मानित किया। वहीं दूसरी ओर डीसी ने चेतावनी देते हुए कहा कि जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने जनगणना में नियुक्त सभी प्रगणकों, सुपरवाईजर व चार्ज अधिकारियों को अपने-अपने काम में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।


उल्लेखनीय है कि जिला में गणना कार्य के लिए जिला में 2027 ब्लॉक बनाए गए हैं। एक ब्लॉक में 700 से 900 की जनसंख्या है, यानि करीब 150 से 200 मकान शामिल हैं। गणना कार्य के लिए जिला में करीब 2500 एलूमिनेटर लगाए गए हैं। इसके अलावा 6 एलूमिनेटर पर एक सुपरवाईजर लगाया गया है। ऐसे में करीब 500 से 600 सुपरवाईजर लगाए गए हैं। एक से मकानों की सूचीकरण का कार्य शुरु हो चुका है, जो कि 30 मई तक चलेगा।  


मकानों की सूचीकरण का कार्य सबसे तेजी से सम्पन्न करने पर डीसी ने जिलेभर के आठ प्रगणकों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया है। सम्मान पाने वालों में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठï माध्यमिक विद्यालय भिवानी से अनिल कुमार सांगवान व रवि कुमार, राजकीय प्राथमिक पाठशाला बीरवान पाना भिवानी से दिनेश कुमार, राजकीय प्राथमिक पाठशाला कुशलपुरा से राजबीर सिंह, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठï माध्यमिक विद्यालय बवानीखेड़ा से महेंद्र अत्री, राजकीय माध्यमिक विद्यालय से अमित कुमार, राजकीय वरिष्ठï माध्यमिक विद्यालय से बापोड़ा से संदीप कुमार और राजकीय वरिष्ठï माध्यमिक विद्यालय हालवास माजरा देवसर से उर्मिला देवी शामिल हैं।

- जनगणना में नियुक्त सभी कर्मचारियों को अपने कार्य में तेजी लाने के दिए हैं निर्देश


डीसी ने हरियाणा जनगणना संचालन निदेशालय के निर्देशानुसार जिले में जनगणना कार्य में शत-प्रतिशत शुरू कर निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। डीसी ने निर्देश दिए हैं कि सभी डीईओ एवं डीईईओ अपने अधीनस्थ प्रभार अधिकारियों से व्यक्तिगत संपर्क कर क्षेत्रवार कार्य की नवीनतम स्थिति प्राप्त करें और सुनिश्चित करें कि जनगणना कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो। यदि कोई गणनाकर्ता या पर्यवेक्षक ड्यूटी से अनुपस्थित पाया जाता है, कार्य में लापरवाही बरतता है या जनगणना संबंधी जिम्मेदारियों से इंकार करता है, तो इसकी सूचना तुरंत उच्च अधिकारियों को दी जाएगी ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके।


डीसी ने कहा है कि जनगणना-2027 जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित कर्मचारी या अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा उल्लेखनीय कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यदि कोई जनगणना अधिकारी, पर्यवेक्षक या संबंधित कर्मचारी कार्य प्रारंभ करने में विफल रहता है, तो इसके लिए जिला जनगणना अधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है।