{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 डीसी ने 15 जून तक सभी रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम प्रमाणित करने के दिए निर्देश

 

भिवानी, 08 मई। डीसी साहिल गुप्ता ने कहा कि अधिकारी 15 जून तक सभी रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम संबंधित प्रमाणित करवा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि डीसी श्री गुप्ता शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए हॉल में जल संचय जनभागीदारी अभियान की समीक्षा बैठक में संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दे रहे थे।


बैठक में डीसी श्री गुप्ता ने जिले में बारिश के पानी की संचयन प्रणालियों की स्थिति सुधारने तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जिला वन अधिकारी को निर्देश दिए कि जिले में स्थापित सभी रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के आसपास पौधारोपण करवाया जाए ताकि जल संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन भी मजबूत हो सके। इसके साथ ही जिस विभाग को जितने पौधे चाहिए उनको उतनी उपलब्ध करवाएं तथा पौधों की देखरेख करना भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिलेभर में जहां-जहां रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित हैं, उन सभी को 15 जून तक पूरी तरह प्रमाणित किया जाए।


डीसी ने पंचायत विभाग, वन विभाग, शिक्षा विभाग, लोक निर्माण, सिंचाई, उच्चतर शिक्षा विभाग आदि प्रमुख विभागो के अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके क्षेत्र के अधीन बने सभी वर्षा जल संचयन संरचनाएं बेहतर स्थिति में होनी चाहिए ताकि बारिश का पानी का संचय हो सके। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता है और जनभागीदारी के माध्यम से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है।


बैठक में एडीसी दीपक बाबूलाल करवा, जिला वन अधिकारी डॉ. राजेश वत्स,  सिंचाई विभाग के एससी ओपी बिश्रोई, जनस्वास्थ्य विभाग के अधीक्षक अभियंता सुनील रंगा, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता एवं योजना के नोडल अधिकारी अनुराग गोयल, डीडीपीओ सोमवीर कादयान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।