सांपला नगरपालिका सामान्य चुनाव 2026 की 13 मई को सुबह 8 बजे शुरू होगी मतगणना- रिटर्निंग अधिकारी अंकिता पुवार
रोहतक, 12 मई: सांपला की उपमंडलाधीश एवं सांपला नगरपालिका के सामान्य चुनाव की रिटर्निंग अधिकारी अंकिता पुवार ने बताया कि हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग की हिदायतों अनुसार सांपला नगरपालिका के आम चुनाव 2026 की मतगणना 13 मई को सुबह 8 बजे शुरू होगी। रिटर्निंग अधिकारी अंकिता पुवार ने बताया कि मतगणना का कार्य सांपला स्थित तहसील कार्यालय के सरल केन्द्र के हाल में किया जाएगा। मतगणना के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।
मतगणना सम्पन्न होने के तुरंत बाद परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। मतगणना के लिए 8 टेबल लगाई गई है। प्रत्येक टेबल पर मतगणना सुपरवाईजर एवं मतगणना सहायक तैनात किए जाएंगे। मतगणना स्टाफ को मतगणना का प्रशिक्षण दिया गया है।
अंकिता पुवार ने बताया कि मतगणना के स्टाफ की 13 मई को सुबह 7 बजे मतगणना हाल में अंतिम रेंडोमाइजेशन की जाएगी। इस रेंडोमाइजेशन में मतगणना स्टाफ को टेबल अलॉट की जाएगी। इसके उपरांत प्रातः: 8 बजे मतों की गिनती का कार्य शुरू किया जाएगा। नगरपालिका के प्रधान पद के लिए दो राउंड में मतगणना पूरी होगी तथा इसी तरह नगरपालिका के सदस्यों के लिए भी दो राउंड में मतगणना पूरी की जाएगी। नगरपालिका के वार्ड नम्बर-3 से निर्विरोध पार्षद का चयन हो चुका है।