सुरक्षित और किफायती पाइप्ड नेचुरल गैस अपनाएं उपभोक्ता : डीएफएससी
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक हरवीर सिंह ने बताया कि जिन क्षेत्रों में पीएनजी की सुविधा उपलब्ध है, वहां सभी घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं को आगामी 3 माह के भीतर पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन करें। यह कदम सुरक्षित, स्वच्छ और निरंतर ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
उन्होंने बताया कि पीएनजी गैस सुरक्षित एवं विश्वसनीय है, क्योंकि रिसाव की स्थिति में यह हवा में फैल जाती है, जिससे आग लगने का खतरा कम होता है। साथ ही, पाइपलाइन नेटवर्क के माध्यम से 24 घंटे निरंतर आपूर्ति उपलब्ध रहती है, जिससे सिलेंडर बुकिंग जैसी समस्याएं समाप्त हो जाती हैं।
उन्होंने बताया कि पीएनजी अन्य ईंधनों की तुलना में किफायती है, जिससे उपभोक्ताओं के खर्च में कमी आती है। इसके अलावा यह पर्यावरण के अनुकूल है और प्रदूषण व कार्बन उत्सर्जन को कम करने में सहायक है। पीएनजी के उपयोग में सिलेंडर बदलने या भंडारण की आवश्यकता नहीं होती, जिससे इसका उपयोग बेहद सुविधाजनक है।
उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं को पारदर्शी बिलिंग प्रणाली के तहत उनके वास्तविक उपयोग के आधार पर बिल दिया जाता है। पीएनजी कनेक्शन प्राप्त करने की प्रक्रिया को अत्यंत सरल और उपभोक्ता अनुकूल बनाया गया है। उपभोक्ता न्यूनतम दस्तावेजों के साथ आसानी से आवेदन कर सकते हैं, जिसमें आधार कार्ड को पहचान प्रमाण तथा बिजली बिल को पते के प्रमाण के रूप में स्वीकार किया जाता है। भुगतान की सुविधा को भी आसान बनाया गया है, जिसके तहत घरेलू पीएनजी कनेक्शन के लिए उपभोक्ता केवल 559 रुपये का प्रारंभिक भुगतान कर आवेदन कर सकते हैं, जबकि शेष कनेक्शन शुल्क बिना ब्याज (इंटरेस्ट फ्री) 80 रुपये प्रतिमाह की 63 सरल किस्तों (ईएमआई) में जमा कराया जा सकता है।
इसके अतिरिक्त उपभोक्ताओं को उनके गैस बिल में 500 रुपये तक का क्रेडिट भी प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी। सुरक्षा और सुविधा के दृष्टिकोण से स्थापना, निरीक्षण और नियमित रखरखाव की पूरी व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। साथ ही, किसी भी प्रकार की समस्या या जानकारी के लिए उपभोक्ता हेल्पलाइन नंबर 1800-123-6000 पर संपर्क कर त्वरित सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि वाणिज्यिक उपभोक्ताओं के लिए भी विशेष सुविधाएं दी जा रही हैं। मीटर सिक्योरिटी डिपॉजिट को बिना ब्याज के आसान किस्तों में जमा करने का विकल्प दिया गया है। इसके साथ ही, सिक्योरिटी डिपॉजिट को बैंक गारंटी के रूप में जमा करने की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे व्यापारियों को आर्थिक रूप से राहत मिलती है। उपभोक्ता अधिक जानकारी के लिए गुजरात गैस के नजदीकी कार्यालय से संपर्क करें या www. gujaratgas.com पर उपलब्ध विवरण देखें।
उन्होंने सभी नागरिकों और व्यावसायिक संस्थानों से अपील की कि वे स्वच्छ और सुरक्षित ऊर्जा के इस विकल्प को अपनाकर पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दें तथा किसी भी प्रकार के अफवाहों पर ध्यान न दें, क्योंकि पीएनजी पूरी तरह सुरक्षित और भरोसेमंद ईंधन है।
जिले में घरेलू गैस आपूर्ति सुचारू, एक दिन में 6097 सिलेंडरों की होम डिलीवरी
डीएफएससी हरवीर सिंह ने कहा कि जिले में घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और सुचारू रूप से जारी है। गत दिवस कुल 6097 घरेलू गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी की गई। विभाग की टीमें लगातार गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर रही हैं और नियमित रूप से स्टॉक की निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी क्षेत्र में कमी की स्थिति उत्पन्न न हो। यदि कहीं गैस आपूर्ति में किसी प्रकार की अनियमितता या समस्या सामने आती है, तो उपभोक्ता इसकी सूचना तुरंत हेल्पलाइन नंबर 01666-248422 पर दें, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।