{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 लिंगानुपात में और सुधार लाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी: डा. संजय

 

सिरसा, 12 मई। जिला में लिंगानुपात की स्थिति में और सुधार लाने एवं बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को प्रभावी रूप से लागू करने के उद्देश्य से मंगलवार को सीएचसी रानियां व उप स्वास्थ्य केंद्र बालासर में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिला नोडल अधिकारी पीसीपीएनडीटी डॉ. संजय, एसएमओ डॉ. ओमप्रकाश, ब्लॉक नोडल अधिकारी डॉ. डॉली लूथरा, मेडिकल ऑफिसर्स, एलएचवी एवं सीनियर एएनएम, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों की एएनएम, एमपीएचडब्ल्यू-एम, आशा फैसिलिटेटर, सीएचसी रानियां के अंतर्गत कार्यरत आरएमपी, पंचायत सचिवों आदि ने भाग लिया। इसके अलावा ग्रामीणों को भी जागरूक किया गया।


जिला नोडल अधिकारी पीसीपीएनडीटी डॉ. संजय ने बैठक के दौरान गर्भवती महिलाओं के शीघ्र पंजीकरण, गर्भपात मामलों की रिवर्स ट्रैकिंग, पीसीपीएनडीटी एक्ट के क्रियान्वयन तथा गांव स्तर पर जनजागरूकता गतिविधियों को और अधिक मजबूत बनाने पर विशेष चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए स्वास्थ्य विभाग, प्रशासन और समाज के सभी वर्गों को मिलकर कार्य करना होगा।


उन्होंने आरएमपी एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों को नैतिक चिकित्सा पद्धतियों का पालन करने, पीसीपीएनडीटी एक्ट के कानूनी प्रावधानों की जानकारी रखने तथा बालिका लिंगानुपात सुधारने में अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बेटियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

बैठक में फील्ड सर्विलांस को मजबूत करने, जन जागरूकता अभियान चलाने, रिकॉर्ड एवं रिपोर्टिंग प्रणाली को सुदृढ़ बनाने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के अंत में सभी ने लिंगानुपात सुधारने, कन्या भ्रूण हत्या पर रोक लगाने तथा पीसीपीएनडीटी एक्ट का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का सामूहिक संकल्प लिया।