{"vars":{"id": "128336:4984"}}

CBI Raid: 50 हजार की रिश्वत लेते आर्मी इंजीनियर गिरफ्तार, 3 साल की नौकरी में डेढ़ करोड़ का बंगला, 30 लाख की लग्जरी गाड़ी और कैश बरामद

 

CBI Raid Arrest: राजस्थान के जयपुर में 50 हजार की रिश्वत लेते हुए एमईएस में तैनात सहायक गैरीसन इंजीनियर को सीबीआई की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। आरोपी इंजीनियर ने तीन साल में ही करोड़ों की संपत्ति बना ली।

जानकारी के मुताबिक जोधपुर की एक कंपनी को एमईएस जयपुर में टेंडर मिला हुआ था। इस कंपनी का करीब 35 लाख रुपये का बिल बकाया पड़ा हुआ है। इसी बिल के भुगतान की एवज में गैरीसन इंजीनियर सुधांशु सुमन ने फर्म मालिक से 90 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। जिसके बाद पीड़ित पक्ष की तरफ से सीबीआई को इसकी शिकायत दी गई थी।

शिकायत के बाद सीबीआई की टीम ने पूरी प्रक्रिया पूरी की और पैसे देकर पीड़ित को आरोपी इंजीनियर के पास भेजा। पीड़ित पक्ष की तऱफ से सहायक गैरीसन इंजीनियर सुधांशु सुमन को 50 हजार रुपये की रिश्वत दी। इसी दौरान सीबीआई जोधपुर प्रभारी राजवीर सिंह की टीम ने बिहार के भागलपुर निवासी सुधांशु सुमन को रंगे हाथों गिऱफ्तार कर लिया।

सीबीआई टीम ने जांच के दौरान खुलासा किया कि आरोपी इंजीनियर तीन साल पहले भर्ती हुआ था और इस दौरान करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित की है। आरोपी के पास डेढ करोड़ रुपये का बंगला, 30 लाख की गाड़ी और 3 लाख रुपये कैश बरामद किया गया है। आरोपी इंजीनियर ने 2019 में रुड़की आईआईटी से पढ़ाई पूरी की थी और 2023 में एमईएस में सहायक गैरीसन इंजीनियर के पद पर नियुक्ति मिली थी। इसके बाद 2024 में आरोपी ने डेढ़ करोड़ रुपये कीमत का बंगला बिहार के भागलपुर में खरीदा था। अगस्त 2025 में 30 लाख की लग्जरी कार भी खरीदी है।