{"vars":{"id": "128336:4984"}}

कैबिनेट मंत्री ने बरवाला में करोड़ों रूपये की विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण

 
बरवाला/ हिसार, 13 अप्रैल। बरवाला में विकास को नई रफ्तार देते हुए लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने सोमवार को मॉडर्न मंडी के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। मंडी के निर्माण के लिए 11 करोड़ रुपये से अधिक का बजट स्वीकृत किया गया है। इस दौरान उन्होंने नगर परिषद बरवाला द्वारा बनाए जाने वाली लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न सड़कों के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के संचालित होने से न केवल आवागमन बेहतर होगा बल्कि आमजन को आधुनिक सुविधाएं भी मिलेंगी। उन्होंने मॉडर्न मंडी परियोजना को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा बनाए जाने वाली इस मंडी के निर्माण से किसानों को आधुनिक सुविधाएं, बेहतर भंडारण, पारदर्शी खरीद व्यवस्था और उचित मूल्य मिलेगा। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि इससे न केवल किसानों की आय बढ़ेगी बल्कि क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। इस मंडी का निर्माण 10 मार्च 2027 तक पूरा किए जाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास और पारदर्शिता के नए मानक स्थापित कर रही है। सडक़, सिंचाई, पेयजल और मंडी जैसी आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ किसानों और आम नागरिकों तक पहुंच रहा है, जिससे हरियाणा तेजी से प्रगति के पथ पर अग्रसर है।  उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में न केवल घोषणाएं कर रही है, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध भी है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार सबका साथ, सबका विकास के मंत्र पर चलते हुए हर क्षेत्र में समान विकास सुनिश्चित कर रही है। कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने आम जनता से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, बरवाला मार्किट कमेटी के चेयरमैन प्रवीण सैनी, बरवाला नगर परिषद चेयरमैन रमेश बैटरीवाला, उपप्रधान रोशन घनघस, पूर्व चेयरमैन रणधीर सिंह धीरू, बरवाला एसडीएम अश्वीर नैन, एसई  हेमन्त मित्तल, एक्सईएन आनंद, रामकेश बंसल, ताराचंद नलवा, सुरेश गोयल, रामपाल खटक, मोनू संदूजा, विजय, ज्योति मित्तल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।