बिहार के मुंगेर में रिश्वतखोर अधिकारी गिरफ्तार, पेशकार को 1.70 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों किया काबू
बिहार के मुंगेर जिले में निगरानी ने भ्रष्टाचार के लिए एक बड़ी कार्रवाई की है। निगरानी विभाग की टीम ने गुरुवार को प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय में छापामारी कर पेशकार मुकेश कुमार को 1.70 लाख रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।
आयुक्त कोर्ट केस में जमीन संबधित मामलों के लिए घूस
मुकेश कुमार पिछले तीन वर्षों से अधिक समय से आयुक्त कार्यालय में पेशकार के पद पर कार्यरत था। वह एक जमीन संबधित आयुक्त कोर्ट केस में पक्षकार से काम के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायत मिलने के बाद निगरानी की टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही वह रकम ले रहा था, उसे दबोच लिया गया। बताया जा रहा है कि मुंगेर जिले में निगरानी विभाग की यह पहली ट्रैप कार्रवाई है। टीम आरोपी को अपने साथ ले गई है और आगे की पूछताछ जारी है।
सरकारी जमीन पर कब्जा का मामला
मुकेश कुमार ने बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना के पंचवीर गांव में सरकारी जमीन मामले में यह रिश्वत ली थी। बताया जाता है कि पंचवीर गांव स्थित तीन कट्टा चार धूर सरकारी जमीन का अवैध कागजात बनाकर उस पर कब्जा और बेचने की साजिश के मामले में आयुक्त के न्यायालय में मामला दायर किया गया थी। पंचायत के पूर्व मुखिया नंदकिशोर प्रसाद गुप्ता सुमान की ओर से मामला दायर किया गया था।
इसमें गांव के ही मो. जावेद की ओर से गलत तरीके से सरकारी जमीन हड़पने का आरोप था। जम सुनवाई शुरू हुई तो आयुक्त कोर्ट के पेशकार मुकेश कुमार ने नंदकिशोर से उसके पक्ष में फैसला देने के लिए पांच लाख रुपए रिश्वत मांगी थी।