Bribe Arrest: 25000 की रिश्वत लेते नपा कार्यालय में तैनात बाबू गिरफ्तार, बिल पास करने की एवज में मांगी थी रिश्वत
Bribe Arrest: नरसिंहपुर नगरपालिका कार्यालय में बुधवार को लोकायुक्त की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। यहां पदस्थ बाबू संजय तिवारी को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के बाद पूरे दफ्तर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कर्मचारियों के बीच दिनभर इस घटना की चर्चा होती रही।
लोकायुक्त इंस्पेक्टर ब्रजमोहन सिंह नरवरिया के अनुसार, शिकायतकर्ता भीष्म नारायण राजपूत एक कंस्ट्रक्शन कंपनी संचालित करते हैं। उन्हें कृष्णा वार्ड के मरहई माता क्षेत्र में पेवर ब्लॉक निर्माण का ठेका मिला था। काम पूरा होने के बाद करीब 3.39 लाख रुपये का भुगतान लंबित था।
बाबू ने मांगा कमीशन
आरोप है कि बिल पास करने के एवज में बाबू संजय तिवारी ने 15 प्रतिशत कमीशन की मांग की, जो करीब 50 हजार रुपये बनती थी। शिकायतकर्ता द्वारा असमर्थता जताने पर आरोपी कम राशि लेने पर तैयार हो गया और भुगतान जारी होने के बाद रिश्वत देने की सहमति बनी।
शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं थे, लेकिन आरोपी ने सिक्योरिटी डिपॉजिट (एफडीआर) रोकने और अन्य भुगतान अटकाने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने लोकायुक्त से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई।
जाल बिछाकर दबोचा
शिकायत की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त टीम ने योजना बनाकर ट्रैप तैयार किया। आरोपी ने 38 हजार रुपये की मांग की थी, लेकिन शिकायतकर्ता 25 हजार रुपये ही जुटा सके। तय योजना के तहत बुधवार को जैसे ही संजय तिवारी ने अपने कार्यालय में रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।