{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Bihar News: SHO के रिश्वत लेने का वीडियो वायरल, एसएसपी ने किया सस्पेंड

 

 

Bihar News: बिहार में पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। मुजफ्फरपुर जिले के पीयर थाना में तैनात एक अपर थानेदार का रिश्वत लेते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी अधिकारी को निलंबित कर दिया है

दलाल के जरिए हो रही थी वसूली


मिली जानकारी के अनुसार, पूरा मामला एक पुराने केस से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि केस में राहत दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति से पैसे की मांग की गई थी। इस काम के लिए थाने से जुड़े एक कथित दलाल का इस्तेमाल किया जा रहा था, जो पीड़ित पर लगातार पैसे देने का दबाव बना रहा था।

पीड़ित ने बताया कि वह इस दबाव से इतना परेशान हो गया कि उसे पैसे का इंतजाम करने के लिए कर्ज तक लेना पड़ा। हालांकि, उसने इस पूरे भ्रष्टाचार के खेल को उजागर करने की ठान ली।

कैमरे में कैद हुआ रिश्वत का खेल


जब पीड़ित पैसे देने के लिए आरोपी अधिकारी के आवास पर पहुंचा, तो उसके साथ मौजूद एक व्यक्ति ने मोबाइल से पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। वायरल वीडियो में कथित तौर पर दलाल के माध्यम से 5000 रुपये लेते हुए दृश्य सामने आए हैं।

बताया जा रहा है कि यह रकम संबंधित सब-इंस्पेक्टर और वर्तमान अपर थानेदार अभिनंदन कुमार तक पहुंचाई जा रही थी। वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से फैल गया और पुलिस महकमे में हलचल मच गई।