{"vars":{"id": "128336:4984"}}

दहेज प्रथा के विरूद्घ कालेजों में आयोजित होंगे जागरूकता कार्यक्रम: डीसी

 

भिवानी, 07 मई। स्थानीय लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए हॉल में डीसी साहिल गुप्ता ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ दहेज प्रथा को रोकने के लिए किए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में विशेषकर कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों से दहेज प्रथा को समाप्त करने की अपील की जाए। वहीं दूसरी ओर वीसी के माध्यम से प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने भी जिलाधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
डीसी ने कहा कि दहेज मांगने वाली शिकायत मिलने पर प्रशासन सख्त कानूनी कार्रवाई करेगा। दहेज न केवल एक सामाजिक कुप्रथा है, बल्कि कानूनी अपराध भी है। दहेज प्रथा को मिटाना जरूरी है। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस विभाग और शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि वे जागरूकता अभियान चलाएं। उन्होंने कहा कि दहेज प्रथा मिटाने के लिए विशेषकर युवा पीढ़ी का जागरूक होना जरूरी है। इसके साथ-साथ सामाजिक संस्थाओं और प्रबुद्घ लोगों का सहयोग लिया जाए।
उन्होंने जिला के सभी महिला कॉलेजों के साथ-साथ अन्य कॉलेजों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। इन कार्यक्रमों में डीएलएसए व पुलिस के माध्यम से दहेज निषेध अधिनियम की विस्तार से जानकारी दी जाए। युवाओं को बताया जाए कि दहेज लेने के साथ-साथ दहेज देना भी कानूनी अपराध है।
उन्होंने बताया कि दहेज प्रथा को रोकने के लिए सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों की अनुपालना में जिले में प्रत्येक उपमंडल स्तर पर एसडीएम को दहेज निषेध अधिकारी नियुक्ति किया गया है। दहेज प्रथा से पीडि़त कोई भी व्यक्ति एसडीएम को शिकायत कर सकता है। दहेज से संबंधित शिकायत पर तुरंत प्रभाव से कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दहेज की शिकायतों पर कार्रवाई करने पर किसी प्रकार की ढिलाई ना बरतें।
- नागरिक कर सकते हैं उपमंडल स्तर पर दहेज निषेध अधिकारी को शिकायत
सभी उपमंडल स्तर पर फोन नंबर और ईमेल आईडी भी जारी की हैं, जिन पर नागरिक दहेज से संबंधित शिकायत दे सकते हैं। संबंधित व्यक्ति भिवानी (01664-242101) और ईमेल आईडी एसडीएम.भिवानीएटदारेटएचआरवाई.एनआईसी.इन, तोशाम(01253-258352) एसडीएमतोशामएटदारेटजीमेल.कॉम, लोहारू (01251-258227) एसडीएमलोहारू01252एटदारेटजीमेल.कॉम एवं सिवानी(01255-278222) सिवानी.एसडीएमएटदारेटजीमेल.कॉम पर संपर्क करें। इसके अलावा महिला थाना, वन स्टॉप सेंटर एवं बाल संरक्षण अधिकारियों को भी इस अभियान से जोड़ा गया है। डीसी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे दहेज मांगने से संबंधित शिकायतों पर तुरंत प्रभाव से कार्रवाई करें।
बैठक के दौरान एसडीएम भिवानी महेश कुमार, लोहारू के एसडीएम मनोज कुमार, सिवानी की एसडीएम विजया मलिक, तोशाम के एसडीएम संदीप कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी वैशाली, महिला थाना प्रभारी कमलेश, डीसी कार्यालय के एडीए भुवेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।