{"vars":{"id": "128336:4984"}}

नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर जिलाभर में चलेगा जागरूकता अभियान

 
झज्जर, 13 अप्रैल। डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने आगामी 20 अप्रैल तक नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर चलाए जाने वाले जागरूकता अभियान की तैयारियों के लिए अधिकारियों की बैठक में जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत जिलाभर में जन-जागरूकता एवं सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक के दौरान अधिनियम के बारे में व्यापक जागरूकता फैलाने और विशेष रूप से महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। अभियान के तहत महिला सम्मेलन, पदयात्रा, बाइक एवं स्कूटी रैलियां तथा सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी विभागों के बीच समन्वित प्रयास, प्रभावी जनसंपर्क और व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह पहल महिला सशक्तिकरण को मजबूत करने और जन-जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। गांवों में शेड्यूल के अनुरूप 14 अप्रैल से सूचना,जनसंपर्क विभाग की भजन मंडलियों द्वारा विकास गीतों के माध्यमों से महिला कल्याण को लेकर चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
महिला सशक्तिकरण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से, महिलाओं की विशेष भागीदारी के साथ बाइक एवं स्कूटी रैलियां आयोजित की जाएंगी।
अभियान के दौरान जमीनी स्तर पर जागरूकता बढ़ाने के लिए नुक्कड़ नाटक, लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम और कला आधारित गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। प्रमुख स्थानों पर ‘नारी शक्ति वाल’ स्थापित किए जाएंगे, जहां महिलाएं अपने विचार साझा कर सकेंगी और इस पहल के समर्थन में अपनी भागीदारी दर्ज कर सकेंगी। इसके साथ ही शहरी स्थानीय निकाय और पंचायती राज संस्थाओं द्वारा अधिनियम के समर्थन में प्रस्ताव पारित किए जाएंगे, जिन्हें आगे संबंधित प्राधिकरणों को भेजा जाएगा। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग से स्वाति, दीक्षिका, दलजीत सिंह सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।