{"vars":{"id": "128336:4984"}}

गोवा नाइट क्लब में लगी भीषण आग से 23 लोगों की मौत, देर रात को हुआ हादसा, हर तरफ मच गई चीख पुकार

 
 

उत्तरी गोवा के आरपोरा में बिर्च बाई रोमियो लेन क्लब में देर रात लगी भीषण आग में कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में तीन महिलाएं और 20 पुरुष शामिल हैं। इनमें से अधिकांश क्लब के कर्मचारी बताए जा रहे हैं। शनिवार देर रात लगभग 12:04 बजे यह दर्दनाक घटना हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आग लगने का संभावित कारण सिलेंडर विस्फोट है।

दम घुटने से हुई लोगों की मौत

भाजपा विधायक माइकल लोबो ने बताया कि अधिकांश लोगों की मौत दम घुटने से हुई, क्योंकि वे घबराहट में बेसमेंट की ओर भाग गए थे। लोबो ने पुष्टि की कि पीड़ितों में कुछ पर्यटक हैं, जबकि अधिकांश स्थानीय लोग थे जो रेस्टोरेंट के बेसमेंट में काम कर रहे थे।

सीएम प्रमोद सावंत ने किया दौरा

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने घटनास्थल का दौरा किया। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने खुलासा किया कि क्लब ने अग्निशमन सुरक्षा मानदंडों का पालन नहीं किया था। सीएम सावंत ने इस घटना को बेहद परेशान करने वाला बताते हुए विस्तृत जांच का आदेश दिया है और क्लब प्रबंधन तथा उन अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही है जिन्होंने सुरक्षा खामियों के बावजूद इसे संचालन की अनुमति दी थी।

विधायक ने दिये जांच के आदेश

भाजपा विधायक माइकल लोबो ने इस दुखद घटना के बाद सुरक्षा ऑडिट की तत्काल आवश्यकता पर बल दिया है। उन्होंने कहा, "हमें गोवा के अन्य सभी क्लबों का सुरक्षा ऑडिट कराने की आवश्यकता होगी, जो बहुत महत्वपूर्ण है।" उन्होंने कहा कि पर्यटकों ने हमेशा गोवा को एक बहुत सुरक्षित गंतव्य माना है, लेकिन यह घटना बहुत परेशान करने वाली है और भविष्य में ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए।

अरपोरा, गोवा | एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा, "जब मैं घर जा रहा था, तो मैंने एक धमाका सुना। बाद में, हमने एम्बुलेंस को मौके पर आते देखा। जब हम उस जगह पर पहुँचे, तो हमने देखा कि घटना पहले ही हो चुकी थी"


 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, "गोवा के अरपोरा में आग लगने की घटना बहुत दुखद है। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हों। गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत जी से स्थिति के बारे में बात की। राज्य सरकार प्रभावित लोगों को हर संभव मदद दे रही है।"


 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट किया, "नॉर्थ गोवा ज़िले में आग लगने की दुखद घटना से बहुत दुख हुआ, जिसमें कई कीमती जानें गईं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। इस मुश्किल समय में उन्हें हिम्मत मिले। मैं घायलों के जल्दी स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूँ।"


 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की है कि गोवा के अरपोरा में हुए हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।