{"vars":{"id": "128336:4984"}}

विश्व रेडक्रॉस दिवस पर कार्यक्रम आयोजित, दिव्यांगों को बांटे गए सहायक उपकरण

 
हिसार, 08 मई। जिला रेडक्रॉस सोसायटी हिसार के प्रधान एवं उपायुक्त महेंद्र पाल के मार्गदर्शन में तथा भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी हरियाणा राज्य शाखा चंडीगढ़ के उपाध्यक्ष अंकुश मिगलानी व महासचिव डॉ सुनील कुमार के आदेशानुसार और जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव रविंद्र लोहान के दिशानिर्देशानुसार विश्व रेडक्रॉस दिवस पर मानव सेवा और सामाजिक सरोकारों को समर्पित कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में विशेष स्कूलों के दिव्यांग विद्यार्थियों ने केक काटकर रेडक्रॉस आंदोलन के संस्थापक हेनरी डुनेंट का जन्मदिवस मनाया गया।

कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों को श्रवण यंत्र, बैसाखियां एवं अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए। इसके साथ ही टीआई प्रोजेक्ट के लाभार्थियों को आवश्यक किट प्रदान कर रेडक्रॉस की सेवा भावना को मजबूत किया गया। कार्यक्रम में समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभिन्न संस्थाओं एवं व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया।

रैली के माध्यम से लोगों को मानव सेवा, रक्तदान और सामाजिक सहयोग के प्रति जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष का विश्व रेडक्रॉस दिवस पर जारी वीडियो संदेश जिले के विभिन्न महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और अस्पतालों में प्रसारित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित रक्तदान शिविर में युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया। उन्होंने बताया कि विश्व रेडक्रॉस दिवस के उपलक्ष्य में रेड क्रॉस के युवा स्वयंसेवकों द्वारा जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली को उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सुशील गर्ग ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर एनजीओ इंस्पायर इंडिया से विनेश नागपाल, डीएन कॉलेज से डॉ हेमंत, हारे का सहारा संस्था के सुनील खीचड़, रक्तदान सेवा समिति के प्रभुज्योत जाखड़, सुरेश गोदारा, लेखाकार राहुल शर्मा, जिला प्रशिक्षण अधिकारी विनोद कुमारी, सहायक धर्मेंद्र शर्मा, कुलदीप सिंह, सतीश कुमार, सुमन कौशल, सुषमा, प्रियंका, कुलदीप सोनी, कृष्ण, बजरंग, देवकी सहित रेडक्रॉस स्टाफ एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।