पानी आते ही डीसी के निर्देश पर जुई फीडर पर पहुंचे जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी
भिवानी, 07 मई। डीसी साहिल गुप्ता ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को पर्याप्त पेयजल आपूर्ति करने के निर्देश दिए हैं। डीसी के सख्त आदेशों के चलते पानी आते ही विभाग के अधिकारी जुई फीडर पर पहुंचे और नहरी पानी की स्थिति को देखा। वहीं दूसरी ओर डीसी श्री गुप्ता ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे पानी की बचत करें। पेयजल को किसी भी तरह बर्बाद ना करें। पानी की एक-एक बूंद कीमती है।
उल्लेखनीय है कि नहरों में पानी न आने के कारण विभिन्न इलाकों में पेयजल की किल्लत बन गई थी। वहीं विभाग ने पेयजल आपूर्ति में राशनिंग भी करनी पड़ रही थी। इस पर डीसी ने विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए थे वे कि लोगों को पर्याप्त पेयजल मुहैया करवाना सुनिश्चित करें।
बुधवार को जुई फीडर और सुंदर ब्रांच नहर में पानी आ गया है, इससे इनके अधीन क्षेत्रों में पडऩे वाले जलघरों में भी पानी पहुंचना शुरु हो गया है। डीसी के निर्देश पर नहरों में पानी आते ही विभाग के अधीक्षक अभियंता सुनील रंगा और कार्यकारी अभियंता कपिल देव मौके पर पहुंचे और नहरों में पानी आने की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि जलघरों में पानी पहुंच रहा है। विभाग ने सभी पंप व मोटरें चला दी हैं। अब नागरिकों को पेयजल की किल्लत का सामना नहीं करना पड़ेगा।
वहीं दूसरी ओर डीसी साहिल गुप्ता ने कहा कि गर्मी के मौसम में पानी की खपत बढ़ जाती है। इससे पेयजल आपूर्ति में राशनिंग भी करनी पड़ती है। नागरिकों से अपील है कि वे पानी की बचत करें। पेयजल को किसी भी तरह बर्वाद ना करें। वाहनों को पेयजल से ना धोएं और पशुओं को भी पेयजल से ना नहलाएं। इसी प्रकार से पानी की टूंटी को खुला ना छोड़ें। पेयजल को गलियों में व्यर्थ न जाने दें।