{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 पंचायत उपचुनाव को लेकर जिला प्रशासन की सभी तैयारियां पूरी

 

गुरुग्राम, 09 मई। हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला में आज होने वाले पंचायत उपचुनाव को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नवनीत कौर ने बताया कि खंड पटौदी की ग्राम पंचायत बासपदमका में सरपंच पद के लिए 3 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। यहां कुल 3 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 2808 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं खंड सोहना की पंचायत समिति वार्ड नंबर-5 के लिए 2 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। इस क्षेत्र में 5 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां 4050 मतदाता मतदान करेंगे।

*मतदान केंद्र पर ही होगी मतगणना*

नवनीत कौर ने बताया कि पंचायत उपचुनाव के लिए मतदान 10 मई को प्रातः 8 बजे से सायं 6 बजे तक होगा। मतदान समाप्ति के तुरंत बाद संबंधित मतदान केंद्र पर ही मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। प्रशासन द्वारा मतदान केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल, बिजली तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने बताया कि यदि किसी कारणवश पुनर्मतदान की आवश्यकता होती है तो इसके लिए 12 मई की तिथि निर्धारित की गई है।