सांपला नगर पालिका चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी : उपायुक्त सचिन गुप्ता
रोहतक, 9 मई। सांपला नगर पालिका सामान्य चुनाव को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से मतगणना स्टाफ की रेंडोमाइजेशन प्रक्रिया जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सचिन गुप्ता की अध्यक्षता में सम्पन्न करवाई गई। इस दौरान सामान्य पर्यवेक्षक एवं अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, रिटर्निंग अधिकारी अंकिता पुवार तथा सहायक रिटर्निंग अधिकारी मुकुंद तंवर, चुनाव तहसीलदार सरला, तहसीलदार सांपला गुलाब सिंह, डीआईओ महेश भारद्वाज सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी सचिन गुप्ता ने कहा कि नगर पालिका सांपला के सामान्य चुनाव के लिए मतगणना कार्य में नियुक्त किए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की रेंडोमाइजेशन प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता के साथ सम्पन्न की गई ताकि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि रेंडोमाइजेशन के उपरांत मतगणना कर्मियों की ड्यूटी विभिन्न टेबलों एवं मतगणना केंद्रों के लिए निर्धारित की गई। पूरी प्रक्रिया के दौरान संबंधित डाटा को सुरक्षित रूप से लॉक किया गया तथा सभी प्रत्याशियों की सहमति प्राप्त की गई। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार चुनाव प्रक्रिया के प्रत्येक चरण को पारदर्शी तरीके से पूरा किया जा रहा है। मतगणना कार्य को सुचारू, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न करवाने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सचिन गुप्ता ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि सांपला नगर पालिका के सामान्य चुनाव के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका चुनाव के लिए कुल 16 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर सभी पोलिंग पार्टियां निर्धारित केंद्रों पर पहुंच चुकी हैं। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। पेयजल, बिजली, शौचालय, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य जरूरी प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को निर्बाध बनाए रखने के लिए मानक प्रक्रिया के अनुसार लगभग 20 प्रतिशत ईवीएम मशीनें रिजर्व रखी गई हैं। इसके साथ-साथ अतिरिक्त पोलिंग पार्टियों की भी व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तुरंत समाधान किया जा सके। सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में उन्होंने कहा कि पांच प्रमुख लोकेशनों पर मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां पुलिस विभाग की ओर से पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। प्रशासनिक अधिकारी भी मतदान केंद्रों का लगातार निरीक्षण करेंगे। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी मतदान केंद्रों का रैंडम दौरा करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी सचिन गुप्ता ने सभी प्रत्याशियों से चुनाव को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न करवाने में सहयोग करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र का महत्वपूर्ण पर्व है और सभी को आपसी भाईचारे एवं शांति बनाए रखते हुए चुनाव प्रक्रिया में भाग लेना चाहिए। साथ ही प्रत्याशी अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि मतगणना की तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। मतगणना इसी परिसर में करवाई जाएगी। इसके लिए 11, 12 और 13 मई को संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने नागरिकों का आह्वान कहा कि वे अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
मतगणना को लेकर प्रथम रेंडमाइजेशन सम्पन्न, 13 मई को सुबह 8 बजे शुरू होगी मतगणना :-
जिला निर्वाचन अधिकारी सचिन गुप्ता तथा पर्यवेक्षक एवं अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार की उपस्थिति में मतगणना स्टाफ का प्रथम रेंडमाइजेशन किया गया। इस दौरान मतगणना प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न करवाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि मतगणना के लिए कुल 11 टेबल स्थापित की जाएंगी। इनमें से 8 टेबल पर काउंटिंग स्टाफ तैनात रहेगा, जबकि 2 टेबल रिजर्व रखी जाएंगी। इसके अतिरिक्त एक टेबल रिटर्निंग अधिकारी के लिए निर्धारित की गई है। प्रत्येक टेबल पर एक मतगणना सुपरवाइजर तथा एक मतगणना सहायक नियुक्त रहेगा।
इस अवसर पर उपायुक्त एवं अधिकारियों द्वारा स्ट्रांग रूम का निरीक्षण भी किया गया तथा सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मतगणना प्रक्रिया के दौरान सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि मतगणना 13 मई को प्रात: 8 बजे आरंभ होगी। निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न करवाने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।