नगर परिषद वार्ड13 के उपचुनाव के चलते मतगणना की सभी तैयारियां पूरी: डीसी
झज्जर, 12 मई। राज्य चुनाव आयोग हरियाणा के निर्देशानुसार नगर परिषद झज्जर वार्ड13 के उपचुनाव के चलते 13 मई को सुबह 8 बजे से मतगणना करवाई जाएगी तथा परिणाम तुरंत घोषित किया जाएगा। मतगणना को लेकर जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां की गई है । यह जानकारी डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने मंगलवार को यहां दी।
डीसी ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशानुसार झज्जर वार्ड 13 नगर निकाय चुनाव की मतगणना को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से करवाने के लिए प्रशासन पूरी तरह से तैयार है।
जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने बताया कि कॉउंटिंग के चलते मतगणना स्टाफ की रेंडमाइजेशन प्रक्रिया नियमानुसार पूरी करवाई गई है। उन्होंने बताया कि चुनाव की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए रेंडमाइजेशन अति महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। यह प्रक्रिया पूरी तरह से कंप्यूटरीकृत होती है।
उन्होंने बताया कि नगर परिषद झज्जर वार्ड13 में कुल 2473 मतदाता हैं जिनमें से रविवार को 1727 वोटरों ने मतदान में भाग लिया था।
उन्होंने बताया कि13 मई बुधवार को शहीद रमेश कुमार राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परिसर में वार्ड 13 पार्षद पद के चुनाव की मतगणना करवाई जाएगी। नगर परिषद चुनाव की मतगणना के लिए दो टेबल लगाई गई हैं। मतगणना प्रक्रिया नगर परिषद चुनाव के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम झज्जर रवि मीणा और सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं सीटीएम रितु बंसीवाल की देखरेख में सम्पन्न होगी।