रबी सीजन के लिए किसानों को समय पर प्रमाणित गेहूं बीज उपलब्ध करवाने हेतु अग्रिम तैयारियां शुरू : कृषि मंत्री
चंडीगढ़, 8 मई -हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि राज्य सरकार ने आगामी रबी सीजन के लिए किसानों को समय पर प्रमाणित गेहूं बीज उपलब्ध करवाने हेतु अग्रिम तैयारियां शुरू कर दी हैं।
आज हाई पॉवर्ड परचेज कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करने के बाद उन्होंने बताया कि बीज पैकिंग के लिए लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से बैग खरीदने को मंजूरी दी गई है। यह निर्णय बीज वितरण प्रणाली को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कृषि मंत्री ने कहा कि हरियाणा बीज विकास निगम के लिए हाई डेंसिटी पॉलीथिन (HDPE) बैग और जूट बैग की खरीद से संबंधित महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। उन्होंने बताया कि सीजन से पहले इन बैगों की अग्रिम खरीद का मुख्य उद्देश्य बीज प्रोसेसिंग कार्य को समय पर पूरा करना है, ताकि किसी प्रकार की देरी न हो।
उन्होंने आगे कहा कि प्रोसेसिंग और पैकिंग कार्य पूर्ण होने के बाद प्रदेश के किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले प्रमाणित बीज रियायती दरों पर बुवाई से पहले ही उपलब्ध करवा दिए जाएंगे। इससे किसानों को बेहतर उत्पादन प्राप्त करने में मदद मिलेगी और कृषि उत्पादकता में वृद्धि होगी।
श्री राणा ने बताया कि आज लिए गए निर्णयों से हरियाणा बीज विकास निगम की हिसार, सिरसा, टोहाना, यमुनानगर, पटौदी और उमरी स्थित इकाइयों में समय पर बीज प्रोसेसिंग और पैकिंग का कार्य सुनिश्चित किया जा सकेगा। इन इकाइयों में कार्य की सुचारु व्यवस्था से राज्य की बीज आपूर्ति प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।
उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा और उन्हें गुणवत्तापूर्ण कृषि संसाधन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सके।