समाधान शिविर में प्रशासनिक अधिकारियों ने सुनी समस्याएं
हिसार, 11 मई। लघु सचिवालय स्थित जिला सभागार में सोमवार को नगराधीश सुभाष चंद्र ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर आमजन से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं।
समाधान शिविर में सेक्टर 1/4 निवासी सज्जन बेनीवाल द्वारा दी शांति हाउसिंग कोऑपरेटिव सोसायटी के खिलाफ बिना इंतकाल करवाएं जमीन पर अवैध कॉलोनी काटकर प्लॉट बेचने व धोखाधड़ी करने की शिकायत पर नगराधीश सुभाष चंद्र ने जिला राजस्व अधिकारी को मामले की जांच करने के निर्देश दिए। गांव बासड़ा के एक प्रार्थी द्वारा गांव में रोड के नीचे से खेतों की सिंचाई के लिए पुलिया का निर्माण करवाने की मांग पर नगराधीश ने संबंधित सिंचाई विभाग के अधिकारियों को आगामी कार्यवाही करने की हिदायत दी।
गांव सातरोड के एक वरिष्ठ नागरिक ने अपनी पत्नी व बच्चों के खिलाफ बदसलूकी व मारपीट की शिकायत के मामले पर नगराधीश ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को संबंधित के खिलाफ सख्ती से कार्यवाही करने के लिए कहा। इसी प्रकार गांव भगाना के निवासियों द्वारा गांव के सरपंच एवं ग्राम सचिव की कथित मिलीभगत से गांव के तालाब में अवैध रूप से मछली पालन करवाए जाने के कारण 182 पशुओं की मृत्यु होने संबंधी शिकायत पर कड़ा रुख अपनाते हुए नगराधीश सुभाष चंद्र ने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को निष्पक्ष जांच कर निर्धारित नियमों के अनुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गांव जगान के निवासियों ने गांव में गंदे पानी की निकासी के लिए सीवर लाइन दबाने की मांग पर नगराधीश जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को समस्या के समाधान को लेकर आगामी कदम उठाने को कहा।
इस अवसर पर एएमसी प्रदीप कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन (11 डीआईपीआरओ फोटो 13 व 14) : समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई करते प्रशासनिक अधिकारी।