{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 ACB Action in Bihar: 9000 की रिश्वत लेते दरोगा गिरफ्तार, केस से एक व्यक्ति का नाम हटाने की एवज में मांगी थी रिश्वत

 
 

ACB Action in Bihar: बिहार के सारण जिले में पुलिस की वर्दी को दागदार करने वाला एक मामला सामने आया है. यहां डोरीगंज थाने में तैनात दरोगा मोहित मोहन को विजिलेंस की टीम ने घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है. महज 9 हजार रुपये की रिश्वत के चक्कर में दरोगा जी अब सलाखों के पीछे पहुंच गए हैं.

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, डोरीगंज थाने में मारपीट का एक मामला दर्ज था. इस केस में एक व्यक्ति का नाम हटाने और पुलिस डायरी में उसकी मदद करने के बदले दरोगा मोहित मोहन पैसों की मांग कर रहे थे. पहले बात 10 हजार की हुई थी, लेकिन बाद में सौदा 9 हजार रुपये में पक्का हुआ. पीड़ित शख्स घूस नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने चुपके से इसकी जानकारी विजिलेंस टीम को दे दी.

विजिलेंस ने कैसे बिछाया जाल?

शिकायत मिलते ही विजिलेंस की टीम ने जाल बिछाया. टीम के सदस्य सादे कपड़ों (सिविल ड्रेस) में दरोगा के घर के पास तैनात हो गए. जैसे ही पीड़ित ने दरोगा को 9 हजार रुपये दिए, तभी मौके पर मौजूद विजिलेंस की टीम ने उन्हें दबोच लिया. दरोगा जी को संभलने का मौका तक नहीं मिला और टीम ने उनके पास से रिश्वत के पैसे भी बरामद कर लिए.

पुलिस महकमे में मची खलबली

दरोगा मोहित मोहन 2018 बैच के अफसर हैं. उनकी गिरफ्तारी की खबर जैसे ही छपरा में फैली, पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. विजिलेंस के डीएसपी वसीम अहमद ने बताया कि दरोगा को गिरफ्तार करने के बाद टीम उन्हें पटना ले गई है, जहां उनसे आगे की पूछताछ की जाएगी और कानूनी कार्रवाई होगी.